गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया
मुजफ्फरनगर। शासन के आदेश पर पंचायत राज विभाग द्वारा शनिवार को जिले के गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
त्योहारी सीजन के मद्देनजर शासन द्वारा पंचायती राज विभाग को देहात क्षेत्र में दस से 16 अक्तूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए थे। अभियान के पहले दिन शनिवार को जिले के देहात क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग द्वारा सफाईकर्मियों की टीमें गठित कर अभियान की शुरूआत की गई। इस दौरान ग्राम प्रधानों की देखरेख में जनपद के गांवों में साफ-सफाई कराई गई। वहीं, ग्रामीणों को भी घर के बाहर कूड़ा न फैलाने और सफाई व्यवस्था पर जोर दिए जाने के लिए प्रेरित किया गया। जनपद के भोपा, शाहपुर, छपार, चरथावल, खतौली, जानसठ, मीरापुर आदि सभी प्रमुख नगर पंचायतों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। वहीं, साफ-सफाई के बाद नगर पंचायतों द्वारा कोविड-19 के चलते ग्राम सभाओं में नाले-नालियों की सफाई कराकर सैनिटाइजेशन भी कराया गया। उधर, पुरकाजी क्षेत्र में नगर पंचायत द्वारा केवल कुछ ही गांवों में सफाई अभियान चलाया गया। इसके पीछे बीडीओ प्रभात कुमार व एडीओ पंचायत का कार्यभार देख रहे सचिव शिवकुमार से जानकारी की गई, तो उन्होंने इस बाबत शासन का कोई आदेश नहीं मिलने की बात कही। सचिव का कहना था कि नगर पंचायत द्वारा पहले से ही गांवों में साफ-सफाई कराई जा रही है।