देवबंद (सहारनपुर)। रेलवे स्टेशन के बाहर भराव के लिए डाली गई कच्ची मिट्टी लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी है, क्योंकि बारिश में मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है। जिससे स्कूली बच्चों के साथ ही स्टेशन पर आने वाली यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
रेलवे विभाग द्वारा स्टेशन के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिसके लिए स्टेशन के बाहर कच्ची मिट्टी के भराव का कार्य भी चल रहा है, लेकिन बरसात के कारण कार्य धीमी गति से चल रहा है। आलम यह है कि लगातार हो रही बारिश के चलते कच्ची मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई है, जबकि उक्त मार्ग पर संत नगर कॉलोनी के अलावा श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज, मां वैष्णो देवी सरस्वती शिशु मंदिर आते हैं, साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का आना जाना लगा रहता है। स्कूलों में जाने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, श्रद्धालुओं और स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के अलावा कॉलोनी में जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। श्री रामकृष्ण योगाश्रम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण गोयल, संत नगर कॉलोनी निवासी डॉ. लोकेश वत्स आदि ने रेलवे के अधिकारियों व प्रशासन से कार्य में तेजी लाने की मांग की। जिससे कि कार्य जल्द पूरा होने के बाद परेशानी से मुक्ति मिल सके। स्कूल के प्रबंधक धर्मपाल महाजन, संतनगर कॉलोनी निवासी अधिवक्ता स्तुति शर्मा ने कहा कि इस समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए। स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बरसात के कारण कार्य तेजी नहीं पकड़ रहा है।