मोरना। क्षेत्र की सब्जी मंडी में आढ़तियों द्वारा किसान और मजदूरों से लिए जा रहे अवैध कमीशन के मामले में एसडीएम ने कार्रवाई करते हुए सब्जी मंडी को बंद करा दिया।
मोरना-जानसठ मार्ग पर सब्जी मंडी लगती है। जिसमें कुछ लोग किसानों और मजदूरों से अवैध वसूली करने में लगे हुए थे। सूचना मिलने पर एसडीएम कुलदीप मीणा, तहसीलदार अमित कुमार आदि पुलिस बल के साथ सब्जी मंडी पहुंचे। उन्होंने कानूनी मान्यता नहीं होने पर मंडी के आयोजन को बंद कराने की बात कहते हुए सभी आढ़तियों को जानसठ कार्यालय पहुंचकर अपनी सूचना उपलब्ध कराए जाने की बात कही। इसके अलावा भाजपा युवा नेता अमित राठी ने कार्यकर्ताओं के साथ मंडी में अपनी फसल बेचने आए नरेंद्र, महावीर, कलाम, विजेंद्र, मुन्ना, सन्नी आदि किसानों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि फसल बेचने के नाम पर पांच प्रतिशत, खरीदार से सात प्रतिशत और नग झोली के अलग पांच रुपये सहित 17 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है।