देवबंद/तलहेडी बुजुर्ग। चंदेना कोली में शनिवार को दो दिवसीय राज्यस्तरीय कबड्डी चैंपियनशिप (सीनियर पुरुष जोन-ए) का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुसांगिक संगठन सेवा भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुधीर कुमार ने फीता काटकर किया। पहले दिन पहले मैच में सहारनपुर की टीम ने आगरा की टीम को 36-16 से पराजित किया।
कार्यक्रम में आरएसएस नेता सुधीर कुमार ने कहा कि आज पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का भी जीवन में बहुत बड़ा महत्व है। खेल जहां युवाओं के तन मन को स्वस्थ रखते हैं, वहीं रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत का प्राचीन खेल है। इसको संजोए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। आर्य समाज के प्रमुख विद्वान आचार्य महीपाल सिंह शास्त्री और जिला कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र चौधरी ने कहा कि युवाओं में नशे की प्रवृत्ति चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए खेलों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। इसके बाद इस दो दिवसीय चैंपियनशिप में पहले दिन कप्तान अभिषेक के नेतृत्व में कबड्डी खेलों का शुभारंभ हुआ। पहला सहारनपुर और आगरा की टीमों के मध्य खेला गया। जिसमें सहारनपुर ने आगरा की टीम को 36-16 से पराजित कर मैच जीत लिया। एसोसिएशन के जिला सचिव सुनील चौधरी ने बताया कि इस चैंपियनशिप में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, पीलीभीत, आगरा व मथुरा आदि जनपदों की टीम भाग ले रही हैं। इस मौके पर पूर्व प्रधान चौधरी कालूराम, पपिन चौधरी, जोगेंद्र सिंह, जितेंद्र चौधरी व रवि कुमार आदि मौजूद रहे।