मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। कूकड़ा में रालोद के सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पाल राठी के निवास पर र्हुई बैठक में प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया गया। इस दौरान रालोद कार्यकर्ताओं ने बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।
जिला अध्यक्ष अजीत राठी ने कहा कि प्रशासन ने पिछले 15 दिनों में जिस तरीके से तीन मुकदमे रालोद नेताओं और पदाधिकारियों पर दर्ज किए हैं, वे फर्जी हैं। कृष्णपाल राठी चेयरमैन ने कहा कि शीघ्र ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और हाईकमान के निर्देश पर रणनीति की घोषणा की जाएगी। जिसमें एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तय की जा रही है। रालोद के राष्ट्रीय सचिव राजपाल बालियान ने कहा कि इस लड़ाई को आर-पार लड़ना होगा। संचालन उदयवीर पचेंडा और अध्यक्षता आदेश भंडूर ने की। मौके पर ब्रह्म सिंह बालियान, धर्मेंद्र तोमर, पंकज राठी, ब्रजबीर सिंह, वीरपाल मखियाली, हरेंद्र मखियाली, रामबीर चांदपुर, संजीव आदि मौजूद रहे।