भोपाल में छह मार्च को सम्मानित होंगी कवियत्री रश्मि शाक्य
देवबंद। हिंदी लेखिका संघ द्वारा छह मार्च को भोपाल के हिंदी भवन में आयोजित सम्मान समारोह में कवियत्री रश्मि शाक्य को सम्मानित किया जाएगा।
साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था चेतना के संगठन महामंत्री गौरव विवेक ने बताया कि कार्यक्रम में देशभर से 25 से अधिक लेखिकाओं और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें संगठन की संरक्षक कवयित्री रश्मि शाक्य को उनकी पुस्तक हमसे कोई वचन न मांगो मुक्तक विधा में सुशीला जिनेश स्मृति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। रश्मि शाक्य की अब तक चार किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा राष्ट्रीय स्तर का सम्मान हरिवंश राय बच्चन युवा गीतकार सम्मान, राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान द्वारा साहित्य गौरव सम्मान, भारतीय सिने कर्मचारी संघ द्वारा इंस्पायरिंग वूमेन अवार्ड, तुलसी शोध संस्थान लखनऊ द्वारा संत तुलसी सम्मान, विपुलम विदुषी सम्मान जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। रश्मि शाक्य को सम्मानित किए जाने पर डॉ. अंजना कुमार, योगेंद्र सुंदरीयाल, पल्लवी त्रिपाठी, आदेश चौहान, डॉ. दिवाकर गर्ग, बलराज मलिक, गौरव विवेक व रितेश कुमार आदि ने हर्ष जताया है। संवाद