मुजफ्फरनगर। डीएस पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय इंटर सीबीएसई स्कूल शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के करीब 150 छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने किया। मुजफ्फरनगर शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख अमित चौधरी विशिष्ट अतिथि रहे। पहले दिन बालक एवं बालिका अंडर 11 के मैच हुए। पहले राउंड का पहला मैच डीएस पब्लिक स्कूल के दिशांत शर्मा एवं हिमालयन पब्लिक स्कूल के देव त्यागी के बीच हुआ। न्यू हॉराइजन पब्लिक स्कूल के अभिमन्यु तथा देहरादून पब्लिक स्कूल के अभिनंदन, राखी पब्लिक व जीसी पब्लिक, एस डी पब्लिक व एसएफडीएवी, गोल्डन पब्लिक व जेवी पब्लिक के खिलाड़ियों के बीच मैच हुए। शनिवार को बचे हुए मैच संपन्न होने के बाद विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। मुुख्य अतिथि मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल के लिए भी समय निकलना चाहिए। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार, स्कूल चेयरमैन एसएल शर्मा, प्रबंधक सुधीर शर्मा, डायरेक्टर रेणू शर्मा एवं प्रधानाचार्या संतोष जैन, प्रशासक गगन शर्मा, डा. एसएन सिंह, डा. कुलदीप मलिक आदि का सहयोग रहा। संचालन संदीप दीक्षित ने किया।