Muzaffarnagar News: खतरनाक स्तर पर पहुंची हवा, एक्यूआई 279, प्रदूषण फैला रही इकाइयों को नोटिस
दीपावली नजदीक आते-आते प्रदूषण लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। हवा की गुणवत्ता सांस लेने लायक नहीं है। रविवार को नवंबर माह की सबसे खराब गुणवत्ता की हवा बही।
विस्तार
दीपावली नजदीक आते-आते प्रदूषण लोगों के लिए खतरा बनता जा रहा है। हवा की गुणवत्ता सांस लेने लायक नहीं है। रविवार को नवंबर माह की सबसे खराब गुणवत्ता की हवा बही। एक्यूआई बढ़कर 279 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।
माह के पांच दिन में रोजाना हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। एक नवंबर को जरूर एक्यूआई 160 पर था, लेकिन रविवार को यह बढ़कर खतरनाक स्तर 279 पर पहुंच गया। सुबह के समय स्मॉग छाया रहा।
करीब 10 बजे तक स्मॉग का असर रहा, इसके बाद धूप खिली तो स्मॉग से राहत मिली। सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है कि मॉस्क और चश्में का प्रयोग करें। सांस के रोगियों को सुबह-शाम के समय घर से बाहर निकलने से बचाव करना चाहिए।
सांस के रोगियों की रोज बढ़ रही मुश्किल
हवा की गुणवत्ता का स्तर रोजाना खराब होने से सांस के रोगियों की मुश्किल बढ़ रही है। टीबी, दमा और अन्य सांस की बीमारियों के मरीजों को सुबह और शाम के समय अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधूरे मानक, बढ़ा रहे हैं परेशानी
निर्माण कार्यों में मानकों का पालन नहीं किया जाना भी मुसीबत बन रहा है। नियमित रूप से साइट और मुख्य मागोZं पर पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। पीनना गांव में हाईवे के निर्माण के दौरान ग्रामीण बेहद मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। यहां दिनभर धूल उड़कर घरों में पहुंच रही है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराकर निर्माण किया जाना चाहिए।
तिथि एक्यूआई
05 नवंबर 279
04 नवंबर 238
03 नवंबर 254
02 नवंबर 234
01 नवंबर 160
प्रदूषण फैला रही इकाइयों को नोटिस
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह का कहना है कि जिले में प्रदूषण की वजह बन रही इकाईयों को चिन्हित किया जा रहा है। उन्हें विभाग की तरफ से नोटिस भेजे जा रहे हैं। ऐसी इकाइयों का विभाग की टीम मौके पर जाकर जांच कर रही है। अगर मानक पूरे नहीं किए तो इकाईयों में उत्पादन बंद कराया जाएगा।