UP: चुनाव से पहले गिरोह के दो सदस्य दबोचे, तीन रिवॉल्वर समेत असलहा बरामद, 30 से 40 हजार में बेचते थे पिस्टल
Muzaffarnagar News : निकाय चुनाव से पहले अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के दो सदस्य दबोचे गए हैं। आरोपियों के पास से तीन रिवॉल्वर और आठ पिस्टल बरामद की गई है। ये आरोपी एक पिस्टल को 30 से 40 हजार रुपये में बेचते थे।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में नगर निकाय चुनाव से पहले नई मंडी कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से तीन रिवॉल्वर, आठ पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार एक अपराधी के तार पुलिस मुठभेड़ में मारे गए राहुल खट्टा गिरोह से जुड़े हैं।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पुलिस लाइन में वार्ता कर बताया कि नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात नसीरपुर कट के पास मेरठ के दौराला थाने के गांव रुहांसा निवासी फरदीन और बागपत के थाना चांदीनगर के गांव खट्टा निवासी दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उनसे तीन रिवॉल्वर, आठ पिस्टल, दो खाली मैग्जीन और दस कारतूस बरामद किए।
एसपी सिटी ने बताया कि दीपक शर्मा का चाचा आनंद शातिर अपराधी रहे राहुल खट्टा का साथी रहा है। गिरफ्तार फरदीन जानलेवा हमले के मामले में फरारी काट रहा था। तब वह आनंद के संपर्क में आया तो उसने उसे अपने साथी थाना खेकड़ा के गांव मेहरामपुर बागपत निवासी अवैध हथियारों के सप्लायर सोनू गुर्जर से मिलवाया था। इसके बाद फरदीन जेल चला गया था। जेल से आने के बाद रुपये की कमी के चलते आनंद के साथ वह सोनू से मिला और उसके साथ मिलकर हथियार सप्लाई का काम करने लगा।
यह भी पढ़ें: एनकाउंटर का खौफ, यूपी के इन चार बदमाशों ने थाने में किया सरेंडर
हरियाणा के हिस्ट्रीशीटर की हत्या में सप्लाई की थी पिस्टल
दस अप्रैल को हरियाणा के सोनीपत के गांव मेंहदीपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर बदमाश निखिल की हत्या हुई। जिस पिस्टल से हत्या हुई, वह सोनू ने सप्लाई किया था। हरियाणा पुलिस ने सोनू को जेल भेज दिया था। दीपक व फरदीन ने सोनू का काम संभाल लिया था। यह दोनों मुजफ्फरनगर में भी हथियार बेचने आ रहे थे। फरदीन के खिलाफ पहले पांच मुकदमे दर्ज हैं। यह हथियार चुनाव में प्रयोग किए जाने थे या नहीं इसकी जानकारी जुटाई जा रही हैं।
30 से 40 हजार में बेचते थे पिस्टल
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इन हथियारों को मध्य प्रदेश से 20 हजार में खरीद कर लाते है। इसके बाद 30 से 40 हजार रुपये में यहां बेचते थे।
यह भी पढ़ें: खूब दहाड़ रहा गुलदार, दहशत में यूपी का ये शहर, अब तक आठ लोगों को मार डाला
कपड़ा फेरी की आढ़ में पिस्टल की सप्लाई
पुलिस के अनुसार, जेल से आने के बाद फरदीन मेरठ और आसपास क्षेत्र में कपड़ा फेरी का काम कर रहा था। इसकी आढ़ में वह हथियार सप्लाई कर रहा था।