मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय पशु प्रदर्शनी में हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के पशुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। पानीपत से लाया गया मुर्राह नस्ल का भैंसा घोलू प्रदर्शनी में पहुंचते ही छा गया। दस करोड़ की कीमत के भैंसे के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। नुकरी घोड़ी रेशमा की सुंदरता सबके दिलों को भाई गई।
PHOTOS: मेले में छा गया 10 करोड़ का भैंसा, नाम है घोलू, सेल्फी लेने के लिए लगी लोगों की भीड़
करीब 16 क्विंटल वजन के भैंसे को रोजाना 10 किलो फीड दिया जाता है। आठ से 10 किमी की सैर कराई जाती है। राष्ट्रीय स्तर पर घोलू धमाल मचा चुका है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पशु प्रेमी उसके खूब दीवाने हैं।
करनाल के गालिबखेड़ी से चरणजीत सिंह अपनी नुकरी नस्ल की घोड़ी रेशमा को लेकर मेले में पहुंचे हैं। रेशमा मेले में पहुंचते ही सबको भा गई। बेहद सुंदर घोड़ी अपने बीच देखकर युवाओं में फोटो खिंचवाने की होड़ देर रात तक लगी रही।
मेले में किसी से कम नहीं रोहतक का राका
मुर्राह नस्ल के भैंसे लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। रोहतक के डोभ गांव से लाया गया भैंसा राका भी आकर्षण का केंद्र रहा। उसके मालिक रविंद्र बताते हैं कि राका ऑल इंडिया चैंपियन है। इसे रोजाना 10 किमी की सैर करानी पड़ती है। राका रोजाना 10 लीटर दूध पीता है। फीड और अन्य खुराक अलग है।
चौकिए नहीं, उजली देती है 65 लीटर दूध
करनाल से मेले में लाई गई एचएफ नस्ल की उजली गाय 65 लीटर दूध देती है। जैसे ही उजली मेले में पहुंची तो पशु प्रेमी उसके आसपास मंडराने लगे। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान भी उजली को देखने पहुंचे। उसके मालिक महावीर सिंह से उजली की खासियत जानी। महावीर सिंह ने बताया कि उजली 65 किमी से भी अधिक दूध दे सकती है। रोजाना तीन बार उसका दूध निकाला जाता है।
यह भी पढ़ें: Murder Case: पूर्व पार्षद को रिमांड पर लेकर दोहराया क्राइम सीन, पर नहीं मिला शव, वारदात से कांप उठा था शहर