चोरी की एक ऐसी वारदात: MBBS और डी फार्मा के छात्रों ने टीचर के घर से चुराए जेवर, सोने की चेन निगल गया आरोपी
मुजफ्फरनगर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है। यहां MBBS और डी फार्मा के छात्रों ने टीचर के घर से करीब पांच लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। अब गिरफ्तार होने पर पूरा खुल गया है। बताया गया कि एक आरोपी सोने की चेन भी निगल गया था।
विस्तार
मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली के मोहल्ला रामलीला टीला निवासी शिक्षिका लक्ष्मी देवी के घर चोरी यूक्रेन से एमबीबीएस और मेरठ के एक कॉलेज से डी फार्मा की शिक्षा ग्रहण करने वाले दो दोस्तों ने की थी। पुलिस ने चोरी के साढ़े चार लाख के जेवर बरामद कर दोनों को गिरफ्तार किया है।
शहर कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि 10 फरवरी को मिमलाना रोड पर भाटिया कॉलोनी निवासी शिक्षिका लक्ष्मी देवी की गैरमौजूदगी में चोरी की गई थी। चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने जांच पड़ताल कर भाटिया कॉलोनी निवासी रोहन और अमित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रोहन के घर से जेवर बरामद किए गए हैं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दोनों अच्छे परिवार से ताल्लुक रखते हैं। रोहन यूक्रेन से एमबीबीएस की प्रथम वर्ष व अमित मेरठ के सरधना रोड स्थित एक कॉलेज से द्वितीय वर्ष की डी फार्मा की शिक्षा ग्रहण कर रहा है। पुलिस ने रोहन की स्कूटी भी कब्जे में ली है।
यह भी पढ़ें: Meerut: बोरे में शव मिलने का मामला, महिला की पहचान हुई न आरोपी तक पहुंची पुलिस, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
इंटरनेट जुए में हारे दो लाख की भरपाई के लिए चोरी की
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रोहन को उसके परिजनों ने फीस जमा करने के लिए दो लाख दिए थे। यह रकम वह इंटरनेट जुए में हार गया तो उसने अपने दोस्त अमित को विश्वास में लेकर फीस के पैसों की भरपाई करने के लिए अपराध से हाथ रंग लिए। अब पुलिस ने दोनों का गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: Meerut: ट्रक चालक ने नशे में एक किलोमीटर तक कार को घसीटा, वीडियो देखकर अफसर भी हैरान
सोने की चेन निगल गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि चोरी हुए बाकी के जेवर तो बरामद कर लिए, लेकिन सोने की एक चेन नहीं मिली। पूछताछ में पता चला कि रोहन ने चेन निगल ली थी। तब पुलिस ने एक्सरा कराया तो रोहन के पेट में चेन दिखाई दी। पेट में दर्द होने पर उसे जिला अस्पताल में उपचार दिलाया तो डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों को कोर्ट में पेश किया तो वहां से उन्हें जेल भेज दिया। वहां से रोहन को हायर सेंटर भेजा जाएगा। चेन भी बरामद करने की कोशिश की जाएगी।a