सौरभ हत्याकांड: प्रेमिका के पिता ने दी थी सुपारी, 1300 रुपये में गिरवी रखा मोबाइल, पिता-भाई समेत 7 गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर में प्रेम प्रसंग के चलते सौरभ उर्फ सोनू की हत्या उसके प्रेमिका के पिता ने योजना बनाकर कराई। पिता, भाई सहित सात आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और पांच आरोपी मुठभेड़ में घायल हुए हैं। पुलिस ने हथियार, बाइक और मोबाइल बरामद किए हैं।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद के ककरौली के गांव खेड़ी फिरोजाबाद निवासी सौरभ उर्फ सोनू की हत्या प्रेम-प्रसंग में की गई थी। युवती के पिता, भाई व उसके दोस्तों ने योजना बनाकर हत्या की। मुख्य आरोपी दानिश को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपी मुठभेड़ में घायल हुए है। उनसे एक पिस्टल, चार तमंचे, पांच मोबाइल व एक बाइक बरामद की है। सात आरोपी पकड़े गए है। युवती के पिता ने सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने पर घटना कराई।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि सौरभ उर्फ सोनू की हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगी थी। सोमवार देर रात आरोपियों की मलिकपुरा रजबहे की पुलिया पर खड़े होेने की सूचना पर पुलिस पहुंची तो वहां दो लोगों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में खेडी फिरोजाबाद निवासी मेहरबान उर्फ वीर सिंह व व अंशुल घायल हो गए। उनसे दो तमंचे बरामद हुए।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 4 नवम्बर को आपके शहर में क्या हुआ
उनसे पूछताछ के आधार पर गांव ककरौली से खोकनी जाने वाले रजवाहे मार्ग पर पडने वाली पुलिया से खेडी फिरोजाबाद निवासी पवन व नई मंडी कोतवाली के गांव हरीपुरम कूकडा निवासी अक्षय को गिरफ्तार किया है। प्रेसवार्ता में एसपी देहात आदित्य बंसल व एसओ ककरौली जोगेंद्र सिंह भी मौजूद रहेे।
योजना बनाकर इसलिए कराई हत्या
एसएसपी ने बताया कि मेहरबान सिंह उर्फ वीर सिंह ने जानकारी दी कि एक नवंबर को उसने अपने गांव के सौरभ उर्फ सोनू की हत्या बेटी से प्रेम प्रसंग के चलते कराई थी। समझाने पर भी वह नहीं माना। गांव में उसकी लोक-लज्जा एवं सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी।
उसे पता चला था कि दानिश को एक लाख रुपये की जरूरत है तो उसने उसे रुपये तय कर बीस हजार रुपये एडवांस दिए। एक लाख रुपये सुपारी तय की। हत्या करने में उसके बेटे वंश ने अपने दोस्त अलीशान एवं अंशुल को तैयार किया। योजना बनाई।
योजना के तहत दानिश ने अपना मोबाइल एक हजार रुपये में सौरभ के पास 1300 रुपये एक दो दिन के लिए गिरवी रख दिया। पैसे वापस देने के बहाने सौरभ को बुलाया। वह बाइक पर गया। दानिश उसे पार्टी के बहाने जौली जौली की तरफ ले गया। रास्ते में रुडकली भट्टे से पहले वंश अपने दोस्तों अलीशान व अंशुल के साथ सड़क पर खडा था। उन्हें देखकर सौरभ ने बाइक से उतरने का प्रयास किया तभी दानिश ने पीछे से उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। वह सड़क पर गिर गया।
चारों आरोपी उसे खेत में ले गए। वहां उसे गोली मारने का प्रयास किया गया। पिस्टल पकड़ने पर उसके हाथ में गोली मार दी गई। बाद में सभी ने चाकू मार कर उसकी हत्या कर दी। अंशुल की बाइक से चारों आरोपी रास्ते में पडने वाले सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए मुजफ्फरनगर भाग गये थे। अंशुल वापस पैसे लेने के लिए गांव आ गया था।
मेहरबान ने बताया कि घटना के समय उसका मोबाइल उसके बेटे वंश था। गिरफ्तार करने के दौरान वह पेटीएम से रुपये दानिश को ट्रांसफर करने जा रहा था। घटना में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूसों उसने पवन से 30 हजार रुपये में खरीदे थे। दानिश ने घटना के बाद पिस्टल अक्षय के पास छिपाया था।
प्रेमिका से निकाह करने को चाहिए थे एक लाख रुपये
दानिश को लद्धावाला मुजफ्फरनगर निवासी प्रेमिका से निकाह के लिए एक लाख रुपये की जरूरत थी। मेहरबान ने उसे रुपये देना तय सोनू का रास्ते से हटाने के लिए कहा। इसके बाद सोनू की हत्या की योजना बनाई।
हत्या करने के बाद दानिश ने पिस्टल लेकर लद्धावाला में अपनी प्रेमिका के घर पहुंच कर उसकी मां को धमकाया था कि वह अपनी बेटी की कहीं अन्य शादी करने की चेष्टा न करे। अन्यथा अंजाम बुरा होगा। शहर कोतवाली में यह मुकदमा दर्ज किया है।