मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर। गन्ना समिति की बैठक में समिति का नया भवन बनवाने, शाहपुर में समिति का उप कार्यालय बनवाने समेत कई प्रस्ताव पारित किए गए।
मंगलवार को समिति परिसर में चेयरमैन अरुण बालियान की अध्यक्षता तथा सचिव बृजेश राय के संचालन में गन्ना समिति संचालकों की बैठक हुई। बैठक में मंसूरपुर गन्ना समिति का नया भवन बनवाने तथा शाहपुर में समिति का उप कार्यालय बनवाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। किसानों को 25 प्रतिशत की छूट पर ह्यूम पाइप देने तथा 50 प्रतिशत छूट पर कीटनाशक दवाइयां देने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। गन्ना संघ लखनऊ का गन्ना समिति पर दो करोड़ 26 लाख रुपया बकाया है, उसे एक मुस्त योजना तहत देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। गन्ना परिषद की ओर से क्षेत्र में दो करोड़ की लागत से सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। गन्ना समिति तथा गन्ना परिषद के सभी संचालकों ने मंसूरपुर शुगर मिल द्वारा गन्ना भुगतान पर संतोष व्यक्त किया । बुढ़ाना शुगर मिल भी कुछ गन्ना मंसूरपुर गन्ना समिति के माध्यम से खरीदती है। चेयरमैन अरुण बालियान ने बताया कि भुगतान में बुढ़ाना शुगर मिल बहुत पीछे चल रही है। इस अवसर पर परिषद के चेयरमैन रूपेंद्र कुमार, डायरेक्टर चांदवीर बालियान, गन्ना महाप्रबंधक बलधारी सिंह, डायरेक्टर पप्पू भगत, राजेश्वर आर्य, जगपाल सिंह डायरेक्टर, रविंद्र काकड़ा, बिजेंद्र बालियान, अमित कुमार त्यागी आदि उपस्थित रहे।