मुजफ्फरनगर: युवती के अपहरण को लेकर दो पक्षों में तनातनी, पुलिस फोर्स तैनात
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक वर्ग की युवती दूसरे वर्ग के युवक के साथ रविवार देर शाम घर से चली गई। युवती के पिता ने मामले में दूसरे वर्ग के तीन युवकों अंकित व जॉनी व एक अन्य के खिलाफ युवती के अपहरण के आरोप में तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, युवती के दूसरे वर्ग के युवकों द्वारा अपहरण किए जाने के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके मद्देनजर गांव में भारी पुलिस फोर्स के साथ ही पीएसी भी लगाई गई है।
पुलिस मामले को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मानते हुए युवती की बरामदगी के प्रयास कर रही है। एसओ सूबे सिंह ने बताया कि युवती के अपहरण में तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। युवती की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
डकैती का जुर्म कबूला, चार साल की सजा
साथियों के साथ डकैती की साजिश रचने के अभियुक्त काला को अदालत ने चार साल के कारावास और दो हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष के अनुसार 6 सितंबर 2016 को बुढ़ाना पुलिस ने कांधला रोड पर अपने साथियों के साथ डकैती डालने की योजना बनाते हुए आरोपी काला उर्फ खुशी निवासी गांव जौला को गिरफ्तार किया था।
मामले की सुनवाई एडीजे-13 ओमबीर सिंह की कोर्ट में हुई। एडीजीसी ओमप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। अदालत ने उसे चार साल के कारावास और दो हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है।