गुरु समनदास आश्रम को भेंट किए कलश
मुजफ्फरनगर, भोपा। शुकतीर्थ स्थित सतगुरु रविदास समनदास आश्रम को सहारनपुर के गांव जंधेड़ी से आए अनुयायियों ने मुख्य द्वार के लिए कलश भेंट किए। मिशन गुरु गद्दी के प्रबंधक महात्मा गोवरधन दास ने बताया कि आश्रम के मुख्य द्वार का भव्य निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जिस पर स्थापित करने के लिए गांव जंधेड़ी के पूर्व प्रधान अमर सिंह ने चार कलश भेंट किए हैं। जल्द ही ये कलश मुख्य द्वार पर स्थापित किए जाएंगे। गोरधनदास महाराज ने बताया कि लॉकडाउन के चलते बहुत कम अनुयायी आश्रम में पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने सतगुरू समनदास महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं, सीओ राममोहन शर्मा व इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने आश्रम पहुंचकर उसके अनुयायियों से घरों में रहकर ही पूजा-अर्चना करने की अपील की। इस दौरान सुरेश, सचिन, संदीप, नेपाल सिंह, फूल कुमार, विपिन और बागेश दास आदि मौजूद रहे।