ककरौली। पुलिस ने राहगीरों के साथ लूट करने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ लिया। बदमाशों के कब्जे से बाइक, तीन मोबाइल, एक तमंचा, चाकू बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
सीओ राजेश कुमार दिवेदी ने बताया कि 10 जुलाई को रात के समय जोली, बेहड़ा सादात मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने तेवड़ा रजबाहे की पुलिया पर दौलतपुर निवासी जैगमअली व उसकी पत्नी मुर्शीदा से तमंचों के बल पर एक मोबाइल, 400 रुपए व महिला के कानों के कुंडल लूट लिए थे। इन्हीं बदमाशों ने 26 मई को दौलतपुर मार्ग पर ससुर के साथ लौटती महिला राधा निवासी निवादा से तमंचों के बल पर आभूषण व ससुर से 4000 रुपए लूट लिए थे। सीओ ने बताया कि रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस खोखनी व निवादा पुलिया पर पहुंची और बाइक सवार दोनों बदमाशों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को आते देखकर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों ने सोनू पुत्र कर्मसिंह निवासी भेड़ाहेडी व तालिब पुत्र महबूब निवासी ककराला थाना भोपा बताए। पुलिस ने उनके कब्जे से बाइक, चाकू, कारतूस व महिला के लूटे हुए कुंडल बरामद किए। तालिब पर पहले से ही कई थानों फलावदा, ककरौली, भोपा व थाना कोतवाली में गैंगेस्टर, लूट व चोरी के आधा दर्जन से भी अधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ समय पहले लूट को लेकर मुठभेड़ में तालिब पुलिस की गोली लगने से घायल भी हो गया था। पुलिस ने दोनों बदमाशों का चालान कर दिया। दोनों बदमाशों सोनू व तालिब ने पूछताछ में बताया कि उन्हें कोई काम नहीं मिल रहा था। बेरोजगारी से परेशान होकर वे राहगीरों से लूट की वारदात को अंजाम देते थे।