देवबंद। जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना सैयद अरशद मदनी ने देश के होनहार छात्र छात्राओं के लिए वर्ष 2021-22 के लिए स्कॉलरशिप का एलान किया है। यह स्कॉलरशिप उन्हें अरशद मदनी पब्लिक ट्रस्ट तालीमी इमदादी फंड के तहत दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को स्कॉलरशिप का एलान करते हुए मौलाना सैयद अरशद मदनी ने कहा कि देश के होनहार, मेहनती, जरूरतमंद और वो योग्य छात्र छात्राएं जो किसी सरकारी प्रसिद्ध संस्थान में इंजीनियरिंग, चिकित्सा, शिक्षा, पत्रकारिता से संबंधित या किसी भी तकनीकी व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा प्राप्त कर रहे हों और गत वर्ष की परीक्षा में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों, लेकिन वह आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों को साकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें स्कॉलरशिप का लाभ दिया जाएगा। कहा कि ऐसे छात्र जमीयत उलमा-ए-हिंद की वेबसाइट www.Jamiatulamaihind.org से आवेदन फार्म डाउनलोड कर सकते हैं और आगामी 14 फरवरी तक फार्म भरकर जमीयत कार्यालय में जमा करा सकते हैं। मौलाना मदनी ने कहा कि योग्यता के आधार पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को उचित सहायता प्रदान की जाएगी।