Muzaffarnagar : उबड़-खाबड़ और ऊंट की सवारी, ये है स्टेडियम वाली सड़क
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर जनपद में चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बीते छह माह से खस्ताहाल है। जल निगम ने पूरी सड़क तोड़कर अपनी लाइन बिछाई है। काम पूरा हो गया है, लेकिन सड़क नहीं बनाई गई। इस समय सड़क की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के मेरठ रोड, जाट कालोनी में इस समय जल निगम का सीवरेज लाईन बिछाने का कार्य चल रहा है। जाट कालोनी प्रमुख सड़कों में से एक कंपनी बाग और नुमाइश मैदान के बीच से होकर चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम जाने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है।
यहां बड़ी बात यह है कि जल निगम का लाईन डालने का कार्य पूरा हो गया है। काम तो इस सड़क पर एक साल से चल रहा है। छह माह से यह सड़क आम जनता के लिए बंद ही है। यहां से निकलना किसी दुश्वारी से कम नहीं है। इस क्षेत्र के लोग मेरठ रोड पर नहीं आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: पर्यावरण दिवस विशेष: कोरोना के बाद सड़कों पर वाहन लेकर उतरे लोग तो बढ़ा एक्यूआई का स्तर
विकास भवन और तहसील में नौकरी करने वाले कर्मचारियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। सीवरेज का काम पूरा होने के बाद सड़क बनाने की जिम्मेदारी भी जल निगम की है, लेकिन विभागीय कर्मचारी लाईन डालने के बाद यहां से जा चुके है।
बड़ी बात यह है कि यहां जल निगम का इतना बड़ा काम चल रहा है, लेकिन विभाग के पास यहां कोई उच्चाधिकारी नहीं है। सहारनपुर के अधिशासी अभियंता को यहां का कार्यभार दिया गया है। वह यहां बहुत कम आते है। आम जनता किसके सामने शिकायत रखे, यह भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
लोग झेल रहे परेशानी
विकास भवन में कार्य करने वाले राहुल कुमार का कहना है कि क्षेत्र के लोग कई बार जल निगम के दफ्तर जा चुके हैं, कोई अधिकारी मिलता ही नहीं है। आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय निवासी सुधीर कुमार कहते हैं कि सड़क को बनवाने की जिम्मेदारी जल निगम की है, लेकिन विभाग पूरी तरह उदासीन है।
जल्द बनेगी सड़क
अधिशासी अभियंता रुचिन यादव का कहना है कि मुझे जानकारी नहीं थी। काम पूरा हो गया है तो सड़क जल्द ही बन जाएगी।