हादसा: मुजफ्फरनगर में एक परिवार पर टूटा गमों का पहाड़, पांच लोगों की मौत से मचा कोहराम, रो-रोकर बुरा हाल
दर्दनाक हादसा : मुजफ्फरनगर में एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। होशियारपुर में हुए हादसे में जिले के पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
पंजाब के होशियारपुर में गढ़शंकर के गांव बस्सी में हुए दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हुई, इनमें पांच मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे। बताया गया कि बुधवार रात करीब एक बजे श्रद्धालुओं से भरे कैंटर (ट्रक) ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को बुरी तरह से कुचल दिया था। इस हादसे में एक परिवार के चार लोग समेत सात की मौत हो गई थी, जबकि 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हादसा श्री गुरु रविदास जी की तपोस्थली श्री खुरालगढ़ साहिब और श्री गुरु रविदास जी के धार्मिक स्थल चरण छोह गंगा के बीच पड़ते गांव बस्सी में हुआ। पहाड़ी इलाके में घुमावदार सिंगल लेन सड़क और तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताया जा रहा है। घायलों में से छह को सिविल अस्पताल गढ़शंकर में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। अन्य 14 घायल सिविल अस्पताल गढ़शंकर में उपचाराधीन हैं। कैंटर चालक घटना के बाद से फरार है। कैंटर के आगे एक बैनर लगा हुआ था, जिस पर गांव सलाणा दूल्ला सिंह वाला, जिला फतेहगढ़ साहिब की संगत लिखा हुआ था।
सिविल अस्पताल गढ़शंकर में घायलों का हालचाल जानने के लिए डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी, जिलाधीश कोमल मित्तल व एसएसपी सरताज सिंह चाहल पहुंचे। इस दौरान डिप्टी स्पीकर व जिलाधीश ने मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से दो-दो लाख, घायलों को एक-एक लाख सहायता राशि देने की घोषणा की। घायलों को पूरा इलाज सरकार करवाएगी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे श्रद्धालु श्री गुरु रविदास जी के धार्मिक स्थल चरण छोह गंगा के लिए पैदल जा रहे थे। पीछे से श्रद्धालुओं से भरा कैंटर (पीबी-65 आर 3334) आया और पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ आगे निकल गया। इस दौरान घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुन कर धर्मस्थल के प्रबंधक, सेवादार और इलाके में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सिविल अस्पताल गढ़शंकर पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन अन्य को मृत घोषित कर दिया और छह घायलों को पीजीआई, चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
उल्लेखनीय है कि इन्हीं पहाड़ियों के बीच गढ़ीमानसोवाल में मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से तीन की मौत हो गई थी और 11 श्रद्धालु घायल हो गए थे। इसके बावजूद प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। पुलिस ने अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें: Atiq Ahmed: इसी साल मेरठ में होना था असद का निकाह, एनकाउंटर से पहले यहीं पर काटी थी फरारी
होशियारपुर के हादसे में मुजफ्फरनगर के इन लोगों की हुई मौत
- उन्नति उर्फ रामो (14), काकड़ा, थाना शाहपुर
- सुदेश (45), खेड़ा मस्तान, थाना फुगाना
- गीता (35), खेड़ा मस्तान, थाना फुगाना
- राहुल (18), खेड़ा मस्तान, थाना फुगाना
- खूशबू (14), खेड़ा मस्तान, थाना फुगाना
ये हुए घायल
खेड़ा मस्तान गांव निवासी पुष्पेंद्र, टीना, प्रियांशु, सुशील, रश्मि, अनुष्का, कुसुम, सुनैना, डिंपल, शोकेंद्र, कार्तिक घायल हैं। मृतकों में गीता देवी और उसकी बेटी उन्नति, देवर सुदेश पाल, भांजा राहुल हैं।
यह भी पढ़ें: Asad Encounter: हैरान कर देगा अतीक के बेटे असद का ये सच, खूब सुर्खियों में आया था नाम, अब मुठभेड़ में हुआ ढेर
इनकी भी हुई मौत
इसके अलावा मृतक संतोष देवी (50) और अंगूरी देवी (73) यमुनानगर (हरियाणा) के रहने वाले थे। चार मृतकों के अलावा 16 घायल सभी आपस में रिश्तेदार हैं। ये इस समय गांव भादसों, नाभा (पटियाला) में ईंट भट्ठे में काम करते हैं।
यह भी पढ़ें: UP Encounter : 36 घंटे में तीन बड़े इनामी ढेर, पश्चिम से प्रयागराज तक खौफ खत्म, इनकी दहशत से कांपते थे लोग
ये पीजीआई में भर्ती
जिन घायलों को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है, उनमें परियश निवासी मस्तान खेड़ा (मुजफ्फरनगर), गुरजोत सिंह (समराला, लुधियाना) सुखदेव (जंडियाली, लुधियाना) रश्मि (भादसों, नाभा) टीना (भादसों, नाभा), जोगिंद्रो देवी (यमुनानगर)।