देवबंद (सहारनपुर)। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में महिलाओं का भजन कीर्तन बृहस्पतिवार को 12वें दिन भी जारी रहा। महिलाओं ने कहा कि जो लोग सीएए का विरोध कर रहे हैं उन्हें इस कानून की असलियत का ज्ञान ही नहीं है। वह तो विपक्ष द्वारा गुमराह होकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
सांस्कृतिक एवं सामाजिक संगठन प्रेरणा के तत्वावधान में शिव पार्क में चल रहे भजन कीर्तन कार्यक्रम में भाजपा नेता शुभलेश शर्मा ने कहा कि नागरिकता कानून से किसी भी भारतीय व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं है। यह सब विपक्ष की साजिश है, क्योंकि विपक्ष ही एक विशेष वर्ग के लोगों को भ्रमित कर रहा है। जिस कारण लोग कानून का ज्ञान नहीं होने के चलते धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। मंजू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के एजेंडे पर कार्य कर रही है, लेकिन विपक्ष वोट बैंक की राजनीति के चलते मामले को बिना वजह तूल दे रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि सीएए से किसी भी भारतीय को कोई नुकसान नहीं है। यह तो तीन देशों से प्रताड़ित होकर आए अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करने वाला कानून है। इससे किसी नागरिकता नहीं छीनी जाएगी। परंतु ओछी राजनीति के चलते विपक्ष लोगों को गुमराह कर रहा है। इस मौके पर प्रतिभा गुप्ता, रूचि सैनी, पुष्पा गुप्ता, मंजू पंवार, रेखा त्यागी, शालू, रीना त्यागी, डोली गोयल, संतोष कांबोज, शिखा, धर्मवीरी, बबली, पूनम, उर्मिला ठाकुर आदि मौजूद रही।