मुजफ्फरनगर, खतौली। नगर से निकलने वाले पानी की निकासी जीटी पर नवीन सब्जी मंड़ी के आगे जाकर कुछ दूरी पर बंद हो जाती है। जिस कारण पानी सड़कों पर भर जाता है। भारी ओवर लोड वाहन चलने के कारण सड़क में गहरे गड्ढे हो जाते है, लेकिन इस गहरे गड्ढों की ओर कोई ध्यान नही दे रहा है, जबकि कुछ समय पहले इन गड्ढों में गिरने से एक स्कूटी सवार की मौत हो चुकी है।
कस्बे से जीटी रोड पर सड़क किनारे जाने वाला पानी निकासी का नाला नवीन मंड़ी स्थल से आगे जाकर कुछ दूरी पर बंद हो जाता है। जिस कारण गंदा पानी सब्जी मंडी के सामने सड़क पर इकट्ठा हो रहा है। भारी वाहनों के कारण सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन है। गन्ने के ओवर लोड ट्रक भी इसी मार्ग से शुगर मिल जाते है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कबूल कन्या इंटर कॉलेज के गेट पर भी पानी भरा हुआ है। जिससे छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा राहगीरों को भी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है। गहरे गड्ढे में फंस कर दुपहिया वाहन सवार चोटिल हो रहे हैं। कुछ समय पहले गहरे गड्ढे में गिरने से स्कूटी सवार की ट्रक के नीचे आकर दर्दनाक मौत हो गई थी। नगरवासियों ने सड़क पर हुए गहरे गड्ढों को भरवाने के साथ ही नाले का निर्माण कराने की मांग की है।