ड्यूटी पत्र लेने के लिए उमड़ी भीड़
मोरना। क्षेत्र में पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टी रविवार शाम को रवाना हो गई। स्वामी कल्याणदेव एसडी इंटर कॉलेज शुकतीर्थ में ड्यूटी पत्र लेने के लिए कर्मचारियों की भीड़ लगी रही। सीडीओ, एसडीएम व अपर तहसीलदार जानसठ ने पुलिस फोर्स लगाकर व्यवस्था बनवाई।
विकास खंड मोरना क्षेत्र की 50 ग्राम पंचायत में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर स्वामी कल्याणदेव एसडी इंटर कालेज शुकतीर्थ से पोलिंग पार्टी रवाना हो गई। पंचायत चुनाव को लेकर पोलिंग पार्टी में लगे कर्मचारियों में ड्यूटी पत्र लेने के लिए भीड़ लग गई। सीडीओ आलोक यादव व एसडीएम जानसठ जयेन्द्र कुमार, अपर तहसीलदार अभिषेक साही कोरोना संक्रमण को देखते हुए सख्ती की। सूचना पर सीओ भोपा गिरजा शंकर त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और अलग अलग जगह काउंटर लगवाकर लाइन से ड्यूटी पत्र सौंपे गए। गन्ना शोध केंद्र के संयुक्त निदेशक एवं निर्वाचन अधिकारी विरेश सिंह ने बताया कि मोरना क्षेत्र में 50 ग्राम प्रधान पद के सापेक्ष 452 व 107 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के सापेक्ष 496 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं, जबकि पांच क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध चुन जा चुके हैं। डीएफओ सूरज, बीडीओ प्रभात कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।