कौन है इमराना: ऑर्डर देकर बनवाए थे टाइम बम, आतंकी कनेक्शन तलाश रही ATS, अब सामने आया ये बड़ा राज
UP ATS Action : टाइम बम का ऑर्डर देने वाली इमराना का कोई आतंकी कनेक्शन तो नहीं है। एटीएस की टीम इस बिंदु पर पूरी गहनता से जांच कर रही है। जानिए आखिर इमराना कौन है?
विस्तार
टाइम बोतल बम (आईईडी) का ऑर्डर देने वाली इमराना अपने परिवार के साथ शहर कोतवाली के मोहल्ला प्रेमपुरी में वर्ष 2000 से रहती है। उसका दो मंजिला मकान है। एक घेर बनाकर उसमें परिजनों ने पशु पाल रखे हैं, जिनका दूध बेचा जाता है। परिवार के सदस्यों ने जावेद पर इमराना को फंसाने का आरोप लगाया। बताया कि जावेद के एक परिचित ने इमराना के बेटे सोनू के खाते में 10 हजार रुपये भेजे थे।
इमराना के पति आजाद अपनी पत्नी को फंसाने की बात बताते हुए भावुक हो गए। आजाद का कहना था कि वह मेहनत मजदूरी करता है। तीन बेटियों की शादी कर चुका है। एक बेटे की कुछ माह पहले मौत हुई थी। छोटा बेटा कक्षा बारह तक की पढ़ाई पूरी कर घर पर पशु पालता है और दूध बेचता है। संपत्ति के नाम पर एक मकान, घेर व एक छोटी कार है। दंगे के दौरान उनके मकान में आग लगा दी गई थी। वह बंतीखेड़ा का रहने वाला है, उसकी ससुराल शाहपुर के गांव निरमानी में है। उसके परिवार ने कोई अपराध नहीं किया है। उधर, बताया गया कि जावेद पिता की मौत के बाद से अपने चाचा के घर रहता था।
सप्ताह में दो बार आती थी इमराना
शामली के बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी इमराना का नाम जुड़ने से ग्रामीण हैरान है। ग्रामीणों का कहना है कि वह सप्ताह में दो बार गांव में आती थी और तंत्र-मंत्र के सहारे लोगों की उलझनों को सुलझाने का दावा करती थी। इसके अलावा वह गांव में सामाजिक कार्यों में शामिल होती थी और गरीब निर्धन परिवारों की मदद भी करती थी। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें अखबारों से पता चला है कि इमराना का यह चेहरा भी हो सकता है।
बेटी बोली- हमने मम्मी को पुलिस को सौंपा
इमराना की बेटी रुकसार का कहना है कि उन्होंने मम्मी को पुलिस को सौंप दिया है, क्योंकि उनका परिवार गलत नहीं है।
इन सवालों का जवाब तलाश रही पुलिस-
बम बनवाने का इमराना का क्या था उद्देश्य।
किसने दिया था बम बनवाने का ऑर्डर।
जिन्हें दिए जाने थे बम, क्या करना चाहते थे वह।
अब से पहले जेल तो नहीं गई है इमराना।
किसी परिजन का कोई अपराधिक इतिहास तो नहीं।
इमराना के पास कितनी है संपत्ति।
तंत्र-मंत्र व दवाई के बहाने किसी बड़े गिरोह से तो नहीं जुड़ी है इमराना।
क्या कोई आतंकी संगठन इमराना के सहारे जिले में पैर तो नहीं पसार रहा?
धन देकर युवाओं को बनाया तो नहीं जा रहा स्लीपर सेल का मॉड्यूल्स।
2009-2014 में भी बम बनवाए थे
यदि सूत्रों की मानें तो इमराना ने पुलिस को बताया है कि जावेद से 2009-2014 में भी बम बनवाए थे, अभी पूछताछ चल रही है।
इमराना के नेटवर्क की तलाश
पुलिस ने इमराना से पूछताछ करते हुए प्रेमपुरी व बंतीखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में इमराना के नेटवर्क का पता लगाना शुरू किया है। खुफिया विभाग टीम भी इस मामले में सक्रिय हुई है।
यह भी पढ़ें: टाइम बम से खलबली: स्लीपर सेल मॉड्यूल या चुनाव में दंगों की तैयारी? IB को इन सवालों के जवाबों की तलाश
बिजली चोरी के आरोप में पति गया था जेल
इमराना ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसका पति कई साल पहले बिजली चोरी के मामले में जेल गया था।
यह भी पढ़ें: BKU की पंचायत में बड़ा निर्णय: 'आंदोलन में टिकैत परिवार के एक सदस्य को खानी होगी गोली, हम पीछे नहीं हटेंगे'