मुजफ्फरनगर: युवक की पीट पीटकर हत्या,परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी दूसरे समाज के बताए गए हैं। युवक की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव गोधना निवासी चेतन (19) पुत्र मनोज शर्मा गांव के रजबहे के पास अपने साथी के साथ खड़ा बातें कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही भारत अपने साथी के आया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
उसने हाथ में ली दरांती की मूठ चेतन के पेट में मारकर दनादन प्रहार करने शुरू कर दिए, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं पर गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी मिलने पर चेतन के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को देनी चाही। आरोप है कि पुलिस ने फोन नहीं उठाया। इस पर ग्रामीण कम्हेड़ा पुलिस चौकी पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और चेतन को लेकर पुरकाजी अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम ले लिए ले जाना चाहा, लेकिन मृतक के पिता ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
युवक की हत्या की खबर मिलने पर सीओ सदर धनंजय कुशवाह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। हत्या का कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया था। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई चल रही थी। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।