Kisan Andolan: SSP ऑफिस में जबरन घुसे ट्रैक्टर, टिकैत बोले- हालात बेहद खराब हैं, कभी भी हो सकता है विस्फोट
Kisan Andolan : मुजफ्फरनगर में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ट्रैक्टर मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एसएसपी ऑफिस में जबरन ट्रैक्टर घुसा दिए। वहीं, नरेश टिकैत ने कहा कि किसान तैयारी रखें। हालात बेहद खराब हैं, कभी भी विस्फोट हो सकता है।
विस्तार
किसान आंदोलन के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर मार्च निकाला। मुजफ्फरनगर जिले में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने एसएसपी ऑफिस में पुलिसकर्मियों को पीछे धकेलकर जबरन ट्रैक्टर घुसा दिए गए। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसान तैयारी रखें। हालात बेहद खराब हैं, कभी भी विस्फोट हो सकता है। संयुक्त किसान मोर्चा ने बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में बैठक बुलाई है। हरिद्वार से दिल्ली तक ट्रैक्टर श्रृंखला के प्रस्ताव पर चंडीगढ़ में फैसला होगा।
बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भाकियू कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर सवार होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान किसानों ने एसएसपी ऑफिस के बंद गेट को ट्रैक्टर से धकेलकर खुलवा दिया। पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें पीछे धकेल दिया गया। इसके बाद कलक्ट्रेट में हुई पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पूरी दुनिया का किसान एक है।
संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में सहमति मिल गई तो 26 फरवरी को हरिद्वार से दिल्ली तक किसान अपने-अपने क्षेत्र में दिल्ली की तरफ मुंह कर ट्रैक्टरों को खड़ा कर देंगे। किसान बारूद के ढेर पर बैठा हुआ है। पंजाब और यूपी के गन्ना मूल्य में अंतर है। सरकार किसान-किसान में फर्क कर रही है। किसानों को एकजुट होना होगा।
यूपी पुलिस की भर्ती का प्रश्नपत्र चाट की दुकानों पर बिक गया। युवाओं के साथ यह भद्दा मजाक है। सरकार को किसानों और युवाओं के हित के विषय में सोचना चाहिए। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह को 15 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया।
यह भी पढ़ें: Iqra Hassan Pics: लंदन में पढ़ाई, UP में लड़ेंगी MP का चुनाव, समझिए अखिलेश ने मुस्लिम चेहरे पर क्यों चला दांव?
आज चंडीगढ़ में फैसला : राकेश टिकैत
भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने बताया कि बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ के किसान भवन में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक है। भाकियू ने अपना प्रस्ताव मोर्चा को भेज दिया है। चंडीगढ़ में ही ट्रैक्टर श्रृंखला पर अंतिम फैसला होगा।
यह भी पढ़ें: किसानों ने भरी हुंकार: अफसर हुए बेबस, बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े किसानों के ट्रैक्टर, तस्वीरों में देखें हालात