मुजफ्फरनगर। अतिरिक्त दहेज में कार व पांच लाख रुपये न मिलने पर विवाहिता के साथ शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देते हुए फांसी लगाकर उसकी हत्या का भी प्रयास किया गया। आरोपियों के चंगुल से किसी तरह बची महिला ने शौहर समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका निकाह ढाई साल पूर्व मोहल्ला खालापार निवासी शाहजेब सिद्दीकी से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही कार व पांच लाख नकद की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न किया जाने लगा। पीड़िता के अनुसार, छह माह पूर्व पुलिस ने शौहर शाहजेब को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिसके बाद जेठ सिराज ने करीब दो माह पूर्व विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। शिकायत किए जाने पर सास-ससुर ने महिला को चुप रहने की चेतावनी दी। इसके बाद पीड़िता के मायके पक्ष से ही दो लाख रुपये लेकर उसके शौहर की जमानत कराई गई। आरोप है कि दस जून को शौहर के साथ ही जेठ सिराज, ससुर रिजवान, सास शाहीन व ननद निशा ने महिला के गले में दुपट्टे का फंदा डालकर उसकी हत्या का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद महिला की जान बच सकी। एसएसपी अभिषेक यादव के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।