अमर उजाला अभियान-स्वास्थ्य: किशोरों ने ली दोनों टीकों की सुरक्षा, अब कोरोना से होगी रक्षा
मुजफ्फरनगर में किशोरों को कोरोना से बचाव के दोनों टीके शत-प्रतिशत लग चुके हैं। किशोरों का कहना है कि उन्होंने दोनों टीकों की सुरक्षा ले ली है। अब कोरोना संक्रमण का डर नहीं लगता।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जिले में 15 से 17 साल की उम्र के किशोरों ने कोरोना से बचाव के लिए दोनों टीके लगवा लिए हैं। पहली और दूसरी डोज का शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।
किशोरों का कहना है कि उन्होंने दोनों टीकों की सुरक्षा ले ली है, अब कोरोना संक्रमण का डर नहीं लगता। कम्हेड़ा के कल्याणकारी इंटर कॉलेज की कक्षा नौ की छात्रा बुशरा का कहना है कि टीकाकरण कराया है। वह पूरी तरह स्वस्थ है। किसी तरह परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
बुढ़ाना की प्राची (17) का कहना है कि कोरोना से बचाव के दोनों टीके लगवा लिए हैं। किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। पूरी तरह स्वस्थ है । बच्चों को उत्साह से टीकाकरण करना चाहिए। गोधना निवासी छात्रा आकांक्षा कहती हैं कि बीमारी से बचाव के दोनों टीके लगवा लिए हैं। वह पूरी तरह निडर और स्वस्थ है। किसी तरह का उन्हें कोई डर नहीं लग रहा है
यह भी पढ़ें: एक्सक्लूसिव : यूपी के इस जिले में बिजली बिल जमा कराने के नाम पर ठगी, उपभोक्ताओं को दी जा रही फर्जी जमा रसी
छपार के छात्र तुषार त्यागी ने बताया कि दोनों टीके लगवाने के बाद वह स्वस्थ है। कोई परेशानी नही हुई। वह दूसरे बच्चों को भी कोरोना डोज लगवाने के लिए प्रेरित कर रहा है।केके पब्लिक स्कूल खतौली की कक्षा 12वीं की छात्रा खुशी सिंघल ने बताया कि टीकाकरण पूरा करा लिया है। सभी बच्चों को कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए कोरोना वैक्सीन लगवानी चाहिए।
जानसठ के अर्जुन सैनी ने बताया कि दोनों टीके लगवा लिए हैं। वह पूरी तरह स्वस्थ है। मोहल्ले के दूसरे बच्चों को भी प्रेरित कर रहा है। चरथावल के अनंत त्यागी ने बताया कि दोनों डोज लगवा ली है। हर किसी को कोरोनारोधी टीका लगवाना खुद की रक्षा के साथ राष्ट्र हित है।
लक्ष्य से अधिक हुआ टीकाकरण
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि 15 से 18 साल के आयु वर्ग में जिले को एक लाख 19 हजार 639 किशोरों को टीकाकरण का लक्ष्य मिला था। अब तक पहली डोज दो लाख छह हजार 661 और दूसरी डोज एक लाख 93 हजार 764 किशोरों को लगाया जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: बदमाशों का कहर: मेरठ में लूट की ताबड़तोड़ वारदात, 20 मिनट में लूटे तीन मोबाइल, लोगों में फैल रही दहशत
अब तक 16 प्रतिशत बच्चों को लगे टीके
सीएमओ ने बताया कि 12 से 14 साल की उम्र के बच्चों का अब तक 16 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। अब तक 18 हजार 942 बच्चों को पहली डोज लग चुकी है। मंगलवार को भी विभिन्न केंद्रों पर अभियान चलाकर टीकाकरण किया गया।