मुजफ्फरनगर। माउंट लिट्रा जी स्कूल में गूंज दान उत्सव का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि चारु भारद्वाज ने कहा कि हमारे सोच सबके भले की होनी चाहिए। संसार में परोपकार से अच्छा कोई कार्य नहीं है। उत्सव 29 मई तक चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ चारु भारद्वाज एवं मंजरी ने किया। भारद्वाज ने कहा कि परोपकार की सच्ची मानवता है। समाज के जो लोग निर्बल हैं हमें उनकी मदद करनी चाहिए। इस दान उत्सव का उद्देश्य समाज के गरीब, मजबूर व असहाय लोगों की मदद करना है, जिससे वे एक सामान्य जीवन जी सकें। दान उत्सव में पुरानी किताबें, स्टेशनरी, जूते-चप्पल ,खाद्य सामग्री व प्रतिदिन के उपयोग की वस्तुओं का दान किया जा रहा है। इस दान उत्सव में सभी छात्र, अभिभावक और शिक्षक गण बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। प्रधानाचार्य डॉ. पीयूष गुप्ता व शैक्षिक निदेशिका प्रिया कौशिक ने कहा कि हमें ऐसे दान उत्सवों का हिस्सा बनकर समाज सेवा के लिए आगे आना चाहिए। संसार में परोपकार ही सच्ची मानवता है।