एक से 19 साल के बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बच्चों को पेट के कीड़ों की दवा एल्बेंडाजोल खिलाकर किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए अनेक योजनाएं और कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने कहा कि जनपद में 13 लाख 52 हजार 178 बच्चों को एल्बेंडाजोल गोली खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर तथा दो वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की पूरी गोली खिलाई गई। समस्त इंटर कॉलेजों, प्राइमरी स्कूलों, पब्लिक स्कूल, मदरसों, और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को निशुल्क गोली खिलाई गई, जिन बच्चों को आज किसी कारणवंश एल्बेंडाजोल की गोली नहीं खिला पाए उनके लिए एक अगस्त से तीन अगस्त तक मोप अप राउंड चलाकर पेट के कीड़ों की निशुल्क दवाई खिलाई जाएगी। कार्यक्रम में जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. लोकेश गुप्ता, कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, तरन्नुम, डॉ. राकेश बंसल, अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर कमल कुमार, जिला समन्वयक संजीव मलिक एवं अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे।