बारिश ने उजाड़ी दुनिया: नहाते समय तीन साल का बच्चा नाले में बहा, 12 घंटे की तलाश के बाद भी नहीं मिला मासूम
गांव के सैकड़ों लोग, दमकल विभाग टीम, हापुड़ से फ्लड टीम, शुक्रताल, रुड़की, बिजनौर से गोताखोर व सिंचाई विभाग से पोकलेन मशीन को मंगाया गया है। प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिल रही है। पोकलेन मशीन से नाले की गहराई तक बच्चे को तलाशा जा रहा है।
विस्तार
यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार सुबह जमकर बारिश हुई। यह बारिश नई मंडी के गांव शेरनगर निवासी राहुल के परिवार के लिए आफत बन गई। इस परिवार का तीन साल का बेटा अवि बारिश में नहाते समय नाले में गिरकर पानी के तेज बहाव में बह गया, जो बारह घंटे की मशक्कत के बाद भी मिल नहीं पाया। उसे तलाशने में सैकड़ों ग्रामीण, सिंचाई विभाग की पोकलेन मशीन, गोताखोरों की दो टीम, एक फ्लड कंपनी जुटी है।
शेरनगर निवासी राहुल घोड़े-तांगे पर मिट्टी के बर्तन बेचने का काम करता है। रविवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे बारिश होने पर वह घर में बंधे घोड़े को दूसरे स्थान पर बांधने के लिए घर से घेर में गया था। उसका बेटा किट्टू (5) व छोटा बेटा अवि भी पिता के पीछे आ गया। दोनों बारिश में नहाने लगे।
दोनों नहाते हुए बाहर आ गए। बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा था। पास में ही गांव की निकासी वाला नाला था। मासूम अवि नाले के पास जा पहुंचा और उसमें गिर गया। किट्टू ने शोर मचाया तो पास से जा रहे एक ग्रामीण ने अवि को बचाने के लिए प्रयास किया, लेकिन बचा न सका। बच्चा पानी में बह गया।
शोर मचाने पर राहुल भी पहुंचा। नाले का पानी तालाब में पहुंचता तो उसने तालाब में बेटे को तलाशना शुरू किया। इसी बीच गांव के सैकड़ों लोग भी पहुंच गए। सभी बच्चे की तलाश में गंदे नाले के पानी में उतर गए। शाम तक बारह घंटे की मशक्कत के बाद भी बच्चा नहीं मिल सका।
गांव में राहुल के घर से चंद कदमों की दूरी पर बहने वाले नाले के ऊपर एक मकान बनाया गया है। उसके फर्श को तोड़कर नाले में घुसकर ग्रामीणों ने बच्चे की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बचाव टीम जुटी, नहीं मिली सफलता
गांव के सैकड़ों लोग, दमकल विभाग टीम, हापुड़ से फ्लड टीम, शुक्रताल, रुड़की, बिजनौर से गोताखोर व सिंचाई विभाग से पोकलेन मशीन को मंगाया गया है। प्रयासों के बाद भी सफलता नहीं मिल रही है। पोकलेन मशीन से नाले की गहराई तक बच्चे को तलाशा जा रहा है।
शाम के समय सांसद हरेंद्र मलिक ने पहुंच कर परिजनों व बचाव टीम से मामले की जानकारी ली। बच्चे को बचाने के पूरे प्रयास करने को कहा।
सीओ नई मंडी रुपाली रॉय ने कहा कि बच्चे की तलाश में कई टीम जुटी हैं। सैकड़ों ग्रामीण भी बच्चे की तलाश में जुटे हैं। राजस्व टीम भी मौके पर मौजूद है।