{"_id":"7af7be4a-9eed-11e2-b1bb-d4ae52bc57c2","slug":"mulayam-hints-at-early-lok-sabha-election","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोकसभा चुनाव का ऐलान कभी भी, तैयार रहें: मुलायम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लोकसभा चुनाव का ऐलान कभी भी, तैयार रहें: मुलायम
लखनऊ/ब्यूरो
Updated Sun, 07 Apr 2013 12:40 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को यहां पार्टी विधायकों के बीच कहा कि लोकसभा चुनाव का ऐलान किसी भी वक्त हो सकता है।
विज्ञापन
इसलिए सभी को मतभेद भुलाकर और अपनी निजी समस्याओं को अलग रखकर पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव जिताने की तैयारी में जुट जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी को विजय दिलाने में विधायकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सपा को उत्तर प्रदेश से अगर 60 सीटें मिल गई तो केंद्र में उसकी निर्णायक भूमिका होगी।
किसी की सरकार सपा के समर्थन बगैर नहीं बन पाएगी। सपा मुखिया ने कहा कि लोकसभा के आगामी चुनाव देश के लिए निर्णायक होंगे और यह चुनाव देश की दिशा व दशा तय करेंगे।
विज्ञापन
बैठक में कई विधायकों ने कुछ मंत्रियों और अधिकारियों के काम के तरीकों को लेकर नाराजगी जताई। सपा मखिया ने विधायकों की शिकायत पर कार्रवाई और सुधार करने का भरोसा दिया है।
विज्ञापन
सपा मुखिया ने यह बैठक लोकसभा चुनाव की तैयारियों और जमीनी जानकारी लेने के लिए बुलाई थी। इससे पहले सपा मुखिया जिलाध्यक्षों व जिला महासचिवों से भी इस सिलसिले में जानकारी ले चुके हैं।
बताया जाता है कि मुलायम की इन बैठकों का एक मकसद कहीं किसी स्तर पर सरकार या पार्टी नेताओं को लेकर नाराजगी की जानकारी लेना और उसे दूर करना भी है।
साथ ही वह इन बैठकों के जरिये लोकसभा चुनाव के घोषित प्रत्याशियों की स्थानीय स्तर पर ताकत का आकलन भी कर रहे हैं। जल्द ही प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर उनसे भी इस बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
बताया जाता है कि बैठकों के जरिये सपा मुखिया अखिलेश सरकार के कामकाज का जनता में असर भी परखना चाहते हैं। साथ ही यह थाह लगाना चाहते हैं कि सरकार के कामकाज लोकसभा चुनाव के दौरान सपा की सीटों की संख्या बढ़ाने में किस सीमा तक मददगार हो सकते हैं।
जो नहीं सुधरेंगे उनके टिकट कटेंगे
सपा मुखिया ने कहा कि उनके पास लोकसभा प्रत्याशियों के बारे में पूरी जानकारी आ चुकी है। लगभग 10 सीटों के प्रत्याशियों के बारे में ठीक जानकारी नहीं है।
अगर जल्द ही इन्होंने अपनी स्थिति नहीं सुधारी तो टिकटों पर पुनर्विचार किया जाएगा। कहा कि 35 से 40 सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत है। शेष पर अभी काफी मेहनत करने की जरूरत है।
जनता से संवाद की नसीहत
मुलायम सिंह ने विधायकों की बैठक में फिर अच्छे आचरण और जनता से निरंतर संवाद की नसीहत दी। कहा कि विधायक वह कड़ी है जिस पर पार्टी की सफलता का बहुत कुछ दारोमदार रहता है।
आने वाले लोकसभा चुनाव में सपा के नतीजों में भी विधायकों व पार्टी पदाधिकारियों का कामधाम, आचार-व्यवहार अहम भूमिका निभाएगा। इसलिए विधायक जनता से निरंतर संवाद रखें।
उनकी समस्याओं के समधान को प्राथमिकता दे। समस्याओं के समाधान को जिस अधिकारी से मिलना हों उससे मिलें। मंत्रियों को बताएं।
अगर कोई सरकार या किसी नेता के कामकाज को लेकर नाराजगी जताए तो उसे धैर्यपूर्वक सुनें और उसे संतुष्ट करने की कोशिश करें। ध्यान रखें कि किसी भी स्तर पर किसी काम से पार्टी की छवि पर प्रतिकूल असर न पड़े।
बात न सुनी जाए तो हमसे बताएं
सपा मुखिया ने विधायकों से कहा कि अगर कहीं काम न हो। जनता की समस्याओं का समाधान करने में आनाकानी हो।
पार्टी के किसी व्यक्ति से अथवा मंत्री या अधिकारी से शिकायत हो तो उसे सार्वजनिक रूप से व्यक्त करने के बजाय पार्टी हित में प्रमुख लोगों को बताएं। कहीं कोई नतीजा न दिखें तो हमें बताएं। काम होगा।
बहुत अच्छा मौका
मुलायम ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अच्छी संख्या में सीटें जीतने का बहुत अच्छा मौका है। कांग्रेस अपने कामों से जनता का भरोसा खो चुकी है।
बसपा के अत्याचार को लोग भूले नहीं हैं। भाजपा कुछ करने की स्थिति में नहीं है। इसलिए सपा के लोग अगर मेहनत व ईमानदारी से काम करें तो सपा को सफलता मिल सकती है।
सपा दिल्ली में मजबूत हो गई तो राजनीति की धारा बदल जाएगी। न सिर्फ प्रदेश सरकार को सूबे का विकास करने में आसानी रहेगी बल्कि पार्टी की ताकत बढ़ने से कार्यकर्ताओं का भी कद, महत्व और ताकत बढ़ेगी।