मुरादाबाद। देश और समाज के निर्माण में स्काउट गाइड की अहम भूमिका है। कोरोना संक्रमण काल में शहर के स्काउट गाइड ने जरूरतमंदों की सेवा करके अपने उद्देश्य को पूरा करने का प्रयास किया है। स्काउट गाइड के प्रति ललक है कि संक्रमण काल में भी उनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई है। अधिकारियों ने कहा कि समाजसेवा में सराहनीय कार्य करने वाले प्रत्येक विद्यालय के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर स्काउट गाइड को सम्मानित किया जाएगा।
जिला स्काउट के सचिव सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में शुरुआत में विद्यालय बंद थे। स्कूल खुलने पर स्काउट-गाइड में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई। विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए विद्यालयों ने अपने यहां स्काउट-गाइड की यूनिट शुरू करवाई है। गत सत्र में 212 यूनिट थीं, लेकिन इस वर्ष 236 यूनिट हो गई है। एक यूनिट में विद्यार्थियों की संख्या 24 होती है। इसके हिसाब से 5088 से बढ़कर अब जनपद में 5664 स्काउट-गाइड है। दूसरी लहर के दौरान स्काउट गाइड ने सैनिटाइजेशन के कार्य में मदद की। जरूरतमंदों और राहगीरों को मास्क वितरित किए। वॉलिंटियर के रूप में राशन वितरण और जरूरतमंदों को भोजन वितरण में सहयोग किया। कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए लोगों को जागरूक किया, ताकि वे सुरक्षित रह सकें।