मुरादाबाद। मझोला के सिरकोई भूड़ में शराब की दुकान बंद कराने के लिए महिलाएं सड़क पर उतर आईं। उन्होंने शराब की दुकान के बाहर जमकर हंगामा किया। महिलाओं का गुस्सा देखकर शराब खरीदने वाले लोग और सेल्समैन मौके से भाग गए। इसके बाद महिलाओं ने कांशीराम नगर पुलिस चौकी पर भी हंगामा किया। पुलिस के समझाने पर महिलाएं शांत हो गईं।
हंगामा करने वाली महिलाओं ने बताया कि सिरकोई भूड़ में देसी शराब की दुकान खोली गई है। दुकान आबादी के बीच है। दुकान पर भीड़ रहने की वजह से सड़क पर जाम लग जाता है। महिलाओं और छात्र-छात्राओं को आने जाने में दिक्कत होती है। विरोध करने पर लोग अभद्रता करते हैं। सुबह दस बजे से लेकर रात दस बजे तक यहां भीड़ रहती है। उन्होंने इस बार पुलिस और आबकारी विभाग से दुकान बंद कराने की मांग की, लेकिन उनकी मांग पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। बुधवार शाम महिलाएं इकट्ठी हो गईं और उन्होंने जमकर हंगामा किया। इसी बीच सेल्समैन दुकान बंद कर भाग गया। इसके बाद महिलाएं चौकी पर पहुंच गईं और यहां भी हंगामा कर दुकान बंद कराने की मांग की। इसकी जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी मोहित चौधरी फोर्स लेकर पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं को समझाकर शांत किया और उन्हें आश्वासन दिया है कि वह उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि महिलाओं ने दुकान बंद कराने की मांग की थी। आबकारी विभाग के अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी गई है। आबकारी विभाग के अधिकारियों को ही दुकान शिफ्ट कराने की प्रक्रिया पूरी करनी है।