मुरादाबाद। शहर के वार्ड-20 विशनपुर भीमाठेर में फैली गंदगी और टंकी में आ रहे गंदे पानी के कारण कई बच्चे और महिलाएं बीमार हो गए हैं। इसमें कुछ शहर के निजी अस्पताल में तो कुछ मोहल्ले में ही उपचार करा रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने साफ-सफाई कराने तथा पेयजल व्यवस्था सुधार के साथ बीमारी लोगों की टीम भेज कर उपचार कराने की मांग की है।
भीमा ठेर निवासी रुखसार ने बताया कि उसके दो बच्चों इंमाद (छह साल), इफरा (दो साल) की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई। उल्टी, दस्त के साथ बुखार भी हुआ। पहले मोहल्ले में ही उपचार कराया। लेकिन आराम न मिलने पर शहर के एक निजी अस्पताल में ले जाकर दिखाया। अभी भी दोनों बच्चे ठीक नहीं हो सके हैं।
इसके अलावा मोहल्ला निवासी यूनुस की पत्नी शायदा (30), लल्ला की बेटी नियाज बानों (16) भी उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। दोनों का उपचार मोहल्ले में ही चल रहा है। ताहिर का बेटा जैद (12) भी इस बीमारी की चपेट में आ गया। परिवार वालों ने बताया कि उसका उपचार जिला अस्पताल से करा रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इसी तरह की बीमारी से मोहल्ले के कई और लोग भी बीमार हैं।