मुरादाबाद। सोमवार हुई बारिश के कारण शहर के कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। सबसे बुरा हाल शहर के मोहल्ला पैपटपुरा, विकास नगर, जयंतीपुर आदि क्षेत्रों का रहा। यहां निकास अभाव में कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी कीचड़ के साथ सड़कों पर आ गया। जिसके चलते लोगों को आवागमन की दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बारिश ने शहर के कई स्थानों पर नगर निगम के नाला सफाई अभियान की पोल खोल कर रख दी। मंडी समिति के पीछे स्थित मोहल्ला पैपटपुरा के अधिकांश मार्गों पर आधा फीट से एक फीट तक पानी भर गया। इसके अलावा लाइनपार, रामलीला रोड, विकास नगर, सूर्यनगर, एकता कॉलोनी, मंडी समिति, जाहिद नगर, अनवार नगर, यूसुफ कॉलोनी, टीला, मियां कॉलोनी, जयंतीपुर, करूला, रहमतनगर गली नंबर छह समेत कई स्थानों पर जहां-तहां चोक नालियों के चलते बारिश का पानी नालियों की कीचड़ के साथ सड़क पर आ गया। जिससे इन स्थानों के रास्तों पर गंदगी और कीचड़ के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।