UP: 'सिर की टूट गई थीं हड्डियां... हाथ-पैर में भी फ्रैक्चर', टीएमयू में छात्रा ने तीसरी मंजिल से कूदकर दी जान
मुरादाबाद के पाकबड़ा स्थित टीएमयू में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा दीक्षा पाल ने तीसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। सिर, हाथ और पैरों की हड्डियां टूटने से वह गंभीर रूप से घायल हुईं थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। परिजनों ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
विस्तार
मुरादाबाद के पाकबड़ा में टीएमयू में तीसरे मंजिल से कूदने से बीएससी नर्सिंग की छात्रा दीक्षा पाल (20) के सिर की हड्डियां टूट गई थीं। हाथ और पैर की हड्डियों में फ्रैक्चर हो गया था। शुक्रवार सुबह आई पोस्टमार्टम से इसकी पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए। परिवार की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत थाने में नहीं की गई है।
संभल जिले के असमोली थानाक्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी किसान जनम सिंह की बेटी दीक्षा पाल टीएमयू में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थी। रोज की तरह वह बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे घर से बस द्वारा कॉलेज पहुंची थी।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे परीक्षा कक्ष से बाहर निकली और कॉलेज की तीसरी मंजिल पर पहुंच कर छलांग लगा दी थी जिसमें छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे टीएमयू अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात में ही छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया था। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि छात्रा के सिर, पैर और हाथों की हड्डियां टूट गई थीं। उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत अभी तक नहीं मिली है।
टीएमयू के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की बीएससी नर्सिंग की दिवंगत छात्रा दीक्षा पाल को फैकल्टीज और नर्सिंग छात्रों ने पुष्पांजलि अर्पित की। नर्सिंग कॉलेज की डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी, डॉ. जितेन्द्र सिंह, फैकल्टी एकजोत कौर नंदा ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह, प्रो. जेसलीन एम, प्रो. श्योली सेन, प्रो. रामनिवास, प्रो. सपना सिंह, वरुण तोशनीवाल, प्रो. विजी मोल, रवि कुमार आदि मौजूद रहे।
सीढ़ी पर रुकी, फिर गैलरी की खिड़की से लगा दी छलांग
परीक्षा खत्म होने के बाद दीक्षा अन्य छात्राओं के साथ कक्ष से बाहर आई। वह सीढ़ी तक सभी के साथ चली लेकिन अचानक रुक गई। सभी छात्राएं नीचे आ गई लेकिन छात्रा वापस गैलरी में चली गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि वह कुछ देर तीसरी मंजिल पर टहलते रही। इसके बाद वह विंडो पर चढ़ गई और छलांग लगा दी। यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीटीवी कैमरों की फुटेज में कैद हो गया है।
संभल जिले के असमोली थानाक्षेत्र के हीरापुर गांव निवासी किसान जन्म सिंह की बेटी दीक्षा पाल टीएमयू में बीएससी नर्सिंग तृतीय वर्ष की छात्रा थी। उनके दो भाई नितेश और हर्षित हैं। किसान ने बेटी को कॉलेज से आने जाने में कोई दिक्कत न हो। इसलिए कॉलेज की बस लगा रखी थी। वह अन्य छात्र-छात्राओं के साथ रोज घर से कॉलेज आती थी और छुट्टी के बाद वापस चली जाती थी।
बृहस्पतिवार को छात्रा ने क्लास अटैंड की। बताया जा रहा है कि करीब दो बजे वह दीक्षा 16 अन्य छात्राओं के साथ परीक्षा देने गई थी। दोपहर 2:50 पर परीक्षा खत्म हो गई थी। इसके बाद सभी छात्राएं बाहर आ गई। दीक्षा भी इनके साथ ही वापस आ गई थी लेकिन वह जीने पर ही रुक गई। इसके बाद वापस गैलरी में चली गई।
कुछ देर यहीं टहलती रही फिर वह एक विंडो पर चली और नीचे कूद गई। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि पाकबड़ा थाने की पुलिस ने फोरेंसिक टीम को साथ लेकर मौके पर जांच पड़ताल की है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है।
मेरी बेटी को कोई तनाव नहीं था: पिता
मुरादाबाद। टीएमयू में तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने वाली छात्रा के पिता जन्म सिंह का कहना है कि उनकी बेटी दीक्षा पढ़ाई में अच्छी थी। उसकी परीक्षाएं अच्छी चल रही थी और हमेशा अच्छे नंबर आते थे। वह रोज की तरह बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे घर से कॉलेज के लिए बस से आई थी। उसे कोई तनाव नहीं था। कॉलेज में परीक्षा देने के बाद ऐसा क्या हुआ वह इस बारे में कुछ नहीं जानते हैं। इस मामले में पुलिस गहनता से जांच करे। छात्रा के दो भाई नितेश और हर्षित हैं।
बृहस्पतिवार की दोपहर टीएमयू परिसर स्थित बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से छात्रा कूद गई थी। उसे टीएमयू अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया था। टीएमयू अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों के अथक प्रयास के बाद भी छात्रा को बचाया नहीं जा सका है। इस दुखद घड़ी में टीएमयू परिवार छात्रा के परिवार के साथ खड़ा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। - डॉ. एमपी सिंह, मीडिया प्रभारी, टीएमयू, मुरादाबाद