UP: मोंटीना ने जीता गोल्ड... सीतापुर की गाैरी को दूसरा स्थान, मुरादाबाद में घुड़सवारी प्रतियोगिता की तस्वीरें
उत्तर प्रदेश पुलिस की 27वीं घुड़सवारी प्रतियोगिता का मुरादाबाद में आगाज हो गया है। चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जोनों की टीमों के 37 घोड़े और घुड़सवार भाग ले रहे हैं। शो जंपिंग प्रीमनलरी में बीमारी से उबरकर आए मुरादाबाद के घोड़े मोंटीना ने गोल्ड मेडल जीता।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डाॅ. बीआर आंबेडकर अकादमी के मैदान में शुक्रवार की सुबह कोहरे के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस की 27वीं घुड़सवारी प्रतियोगिता का आगाज हुआ। बीमारी को मात देकर आए घोड़े मोंटीना ने शो जंपिंग प्रीमनलरी में गोल्ड जीत दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया जबकि सीतापुर से आई गाैरी दूसरे नंबर पर रही।
चार दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता शुभारंभ मुख्यअतिथि मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी ने गुब्बारे उड़ाकर किया। इस प्रतियोगिता में मुरादाबाद पुलिस अकादमी, सीतापुर, बरेली, अलीगढ़, लखनऊ और मेरठ जोन की टीमों के 37 घोड़े और घुड़सवार भाग ले रहे हैं। डीआईजी मुनिराज जी को खिलाड़ियों ने पीएसी बैंड की धुन के बीच मार्च पास्ट की सलामी दी।
स्पर्धा शो जंपिंग प्रीमनलरी में मुरादाबाद के घोड़े मोंटीना और घुड़सवार मुकेश बाबू की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल हासिल किया जबकि सीतापुर के घोड़े गौरी और हिमांशु कुमार की जोड़ी ने दूसरा, सीतापुर के घोड़े दारा और अजय सिंह की जोड़ी ने तीसरा, सीतापुर के ही घोड़े शाहीन और घुड़सवार अविनाश कुमार की जोड़ी ने चौथा स्थान हासिल किया। स्पर्धा यूपी पुलिस ड्रेसाज व्यक्तिगत/टीम में भी मुरादाबाद की टीम का दबदबा रहा।
इस स्पर्धा में घुड़सवार मुकेश ने गौरव, सीओ राजनीश कुमार यादव ने नगीना और एसआई राज नरेश ने उर्वी की घुड़सवारी कर पहला स्थान हासिल किया। सीतापुर के घुड़सवार रोहित कुमार ने घोड़े नेल्सन, वीर सिंह ने डायमंड पर प्रमोद ने रिमझिम पर सवार होकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस दौरान पुलिस अकादमी के डीआईजी विकास कुमार वैद्य, एसपी सुशील कुमार, एएसपी महेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
आर्मी के घोड़ों के दम पर सीतापुर की टीम का दबदबा
सीतापुर की टीम इस बार 12 घोड़े के साथ प्रतियोगिता में भाग ले रही है। इसमें से पांच घोड़े आर्मी के बेड़े से सीतापुर की टीम में शामिल किए गए हैं। यह घोड़े कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। शो जंपिंग में मोंटीना पहले स्थान पर रही लेकिन बाकी तीन स्थानों पर सीतापुर के घोड़ों ने जगह बनाई है।
टेंट पैगिंग इंडियन फाइल में सीतापुर की टीम की जीत
टेंट पैगिंग इंडियन फाइल में सीतापुर के घोड़े और घुड़सवारों का जलवा देखने को मिला। सीतापुर टीम के घुड़सवार हिमांशु कुमार के घोड़े रणकुंभ, मोहित कुमार के पृथ्वी, अविनाश कुमार के अहिल्या, अजय सिंह के चंचल ने पहला स्थान हासिल किया जबकि बरेली के तरुण सागवान के मूमल, नाजिर के राजा, रविंद्र कुमार के रैंम्बो, कुलदीप कुमार के चैंपियन ने दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
इस स्पर्धा में मुरादाबाद तीसरे स्थान पर रही। मुरादाबाद पुलिस अकादमी में एसआई राज नरेश के डायमंड, मुकेश बाबू के बादल, वीर सिंह के भारत और सौरभ नेहरा के स्वास्तिक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मेरठ की टीम के चंद्रपाल पाठक के घोड़े तेजस, मृत्युंजय लोहिया के तुलसी, अशोक कुमार के विशाल और शुभम कुमार के अशोक ने चौथे स्थान पर जगह बनाई।
शुक्रवार की सुबह कोहरे के बीच शुरू हुई प्रतियोगिता के दौरान मुरादाबाद का घोड़ा बादल लड़खड़ा गया और गिरकर घायल हो गया। मेडिकल टीम तुरंत मैदान में पहुंच गई और घोड़े को टीम बाहर ले गई। बाद में घोड़े को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया।