UP: म्यांमार बॉर्डर तक लग्जरी कारों की सप्लाई, बदले में लेते थे विदेशी हथियार, ऑन डिमांड चोरी करने वाला गिरोह
संभल बवाल का मुख्य आरोपी शारिक साटा दुबई से वाहन चोरी गैंग संचालित कर रहा है। पुलिस ने उसके तीन गुर्गे को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर सात लग्जरी कारें बरामद कीं। आरोपियों ने दिल्ली और गाजियाबाद से कारें चोरी कर पंजाब में उनके कागजात तैयार कराए थे। पूछताछ में गैंग का नेटवर्क देश-विदेश तक फैला होने का खुलासा हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संभल बवाल का मुख्य आरोपी शारिक साटा दुबई में बैठकर वाहन चोरी करने वाले गैंग को ऑपरेट कर रहा है। पुलिस ने शारिक साटा गिरोह के तीन गुर्गे राज कुमार उर्फ राजू, गगन गौतम और यूनुस को गिरफ्तार कर इनसे सात लग्जरी कारें बरामद की हैं। शारिक साटा गिरोह का नेटवर्क देश के साथ ही विदेश तक फैला है। गिरोह के सदस्य लग्जरी कारों को चोरी करा म्यांमार बार्डर तक पहुंचाते हैं वहां से कारों के बदले में हथियार और कारतूस भी लेते हैं।
इसके बाद हथियारों की सप्लाई देश में करते हैं। शारिक साटा गिरोह में दिल्ली के 100 ज्यादा लोग शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा, राजस्थान, यूपी, पंजाब, बिहार, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों के गुर्गे भी इस गिरोह में शामिल हैं। लग्जरी कारों से लेकर ट्रक तक यह गिरोह चोरी करता है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरोह में कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं तकनीकी तौर पर भी मजबूत हैं।
जीपीएस सिस्टम को हैक कर बंद कर देते
गिरोह के लोग वह लग्जरी कारों के ऑटोमेटिक लॉक को पलभर में खोल देते हैं। इन कारों के जीपीएस सिस्टम को हैक को बंद कर देते हैं। इसके बाद कारों की लोकेशन भी नहीं मिल पाती है। लंबे समय से सक्रिय इस गिरोह ने विदेशों तक गाड़ियां पहुंचाई हैं। देशभर से दस हजार से ज्यादा वाहनों को शारिक सटटा गिरोह चोरी कर चुका है।
देश के अलग-अलग राज्यों की पुलिस संभल में दबिश देकर वाहनों को बरामद कर चुकी हैं। गिरोह कारों की चोरी कर विदेश हथियार भी हासिल करता है। गिरोह ने म्यांमार के बॉर्डर तक लग्जरी गाड़ियां पहुंचाई और वहां से विदेशी हथियार हासिल किए हैं। इस हथियारों को देश में सप्लाई किया गया है।
जंगी एप से राजकुमार और शारिक साटा में हुई बात
दुबई में रह रहे शारिक साटा की तीन साल पहले जंगी एप के जरिए राजकुमार उर्फ राजू से बात हुई थी। शारिक साटा से बात होने के बाद राज कुमार ने अपने साथ गगन गौतम और यूनुस को गिरोह में शामिल कर लिया था। इसके बाद तीनों आरोपी शारिक साटा के लिए काम करने लगे थे।
गिरोह के हर काम के लिए अलग-अलग टीम बनाईं
शारिक साटा गैंग गिरोह के सदस्य देश और विदेश तक हैं। शारिक ने इनकी अलग-अलग टीम बना रखी है जिसको अलग-अलग काम दिया जाता है। एक टीम ग्राहक तलाश करती है दूसरी टीम वाहन चोरी करती है। तीसरी टीम वाहनों को ग्राहक तक पहुंचाती है जबकि एक टीम पंजाब में रहकर वाहनों के दस्तावेज तैयारी कराती है।
एसएसपी ने टीम को दिया दस हजार का इनाम
शारिक साटा गैंग के तीनों गुर्गों को गिरफ्तार करने वाली टीम को एसएसपी सतपाल अंतिल ने दस हजार रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा सभी पुलिस कर्मियों प्रशस्तिपत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने टीम में शामिल कर्मियों का हाैसला भी बढ़ाया।
शारिक साटा गैंग के तीन गुर्गे लग्जरी कारों संग गिरफ्तार
संभल बवाल का मुख्य आरोपी शारिक साटा दुबई में बैठकर वाहन चोरी करने वाले गैंग को ऑपरेट कर रहा है। पुलिस ने शारिक साटा गिरोह के तीन गुर्गे राज कुमार उर्फ राजू, गगन गौतम और यूनुस को गिरफ्तार कर इनसे सात लग्जरी कारें बरामद की हैं। इनमें से छह कार दिल्ली और एक कार गाजियाबाद से चोरी की गई थी जिसके कागजात पंजाब में तैयार किए गए थे।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि शारिक साटा गिरोह का नेटवर्क देश के साथ ही विदेश तक फैला है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि क्रेटा कार मझोला के आजाद नगर में लावारिस हालत में पड़ी थी। शक होने पर पुलिस ने इस कार की दूर से ही निगरानी शुरू कर दी। शुक्रवार की देर रात फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर पांच लोग आए और उन्होंने क्रेटा कार को स्टार्ट कर ले जाने का प्रयास किया।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही राजस्थान के जयपुर जिले के रामेश्वर धाम मुरलीपुरा निवासी यूनुस, हरियाणा के पलवल जिले के ओमेक्स सिटी फेज दो में रहने वाले अलीगढ़ के इग्लास निवासी राज कुमार उर्फ राजू और हरियाणा के पलवल जिले के चिरावदा गांव निवासी गगन गौतम को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मझोला क्षेत्र के धीमरी इस्लामनगर निवासी महफूज और एकता कॉलोनी मंडी समिति निवासी अमन ठाकुर मौके से भाग गए।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वह दुबई में बैठे शारिक साटा से जुड़े हैं। एक सितंबर को शारिक साटा के गुर्गे राजकुमार उर्फ राजू, गगन गौतम और युनूस से महफूज और अमन ठाकुर ने संपर्क कर क्रेटा और फॉर्च्यूनर कार की डिमांड की थी। इसके बाद राज कुमार उर्फ राजू, गगन और यूनुस ने तीन सितंबर को दिल्ली के इंद्रानगर से क्रेटा कार चोरी कर मुरादाबाद पहुंचा दी थी।
इसके बाद 11 सितंबर को दिल्ली के मयूर एन्कलेव से फॉर्च्यूनर कार चोरी कर 12 सितंबर की सुबह मुरादाबाद लेकर आए लेकिन आजाद नगर में पुलिस को देखकर वापस चले गए थे। शुक्रवार की देररात आरोपी दोबारा आए तो पुलिस ने दबोच लिया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर और कारें बरामद की गई हैं। शनिवार की शाम पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया जहां से आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। पुलिस टीम अमन और महफूज की तलाश में जुटी है।