UP: चार हजार की रिश्वत... 15 दिन लगवाए चक्कर, सीबीआई ने बैंक मैनेजर को पकड़ा तो जोड़ने लगा हाथ
मुरादाबाद में रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई की टीम ने बैंक मैनेजर और सहयोगी को गिरफ्तार किया है। बैंक मैनेजर ने किसान को रिश्वत के लिए 15 दिन तक लगातार परेशान किया। रकम नहीं मिली तो उसने फाइल को आगे नहीं बढ़ाया। इसके बाद किसान ने सीबीआई टीम से संपर्क किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजियाबाद की सीबीआई टीम ने यूपी ग्रामीण प्रथमा बैंक की सरकड़ा खास विश्नोई शाखा में छापा मारा। टीम ने बैंक मैनेजर सचिन पैसल और उसके सहयोगी मुकेश कुमार को एक लाख 82 हजार रुपये के साथ पकड़ लिया।
बैंक मैनेजर सचिन पैसल ने चार हजार की रिश्वत के लिए किसान को 15 दिन तक परेशान किया। मैनेजर ने साफ कह दिया था कि रकम नहीं मिलेगी तो फाइल आगे नहीं बढ़ेगी। किसान ने परेशान होकर सीबीआई से संपर्क किया और मैनेजर की शिकायत की।
डिलारी के महेशपुर निवासी अमित कुमार के भाई ललित कुमार ने बताया कि उनके पास 36 बीघा जमीन है। बड़े भाई अमित कुमार ने किसान क्रेडिट कार्ड बनवा रखा है। जिस पर एक लाख 80 हजार रुपये का लोन था। लोन की रकम अदा करने के बाद दोबारा लोन लेना था।
इसके लिए 15 दिन पहले मैनेजर से संपर्क किया था। तब मैनेजर ने अपने सहयोगी मुकेश के पास भेज दिया था। मुकेश ने पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। अमित ने मैनेजर से मुकेश की शिकायत की तो मैनेजर ने कहा कि वह मेरे कहने पर ही रकम मांग रहा है।
कई बार अनुरोध करने पर भी मैनेजर फाइल पास करने को तैयार नहीं हुआ। उसने धमकाते हुए कहा था कि अगर लोन चाहिए तो चार हजार रुपये खर्च करने ही होंगे। कई बार उसे बैंक से लौटना पड़ा था। इसके बाद गाजियाबाद की सीबीआई टीम से फोन पर शिकायत की थी।
एक दिन पहले ही मुरादाबाद पहुंच गई थी सीबीआई टीम
सीबीआई की टीम एक दिन पहले की गाजियाबाद से मुरादाबाद पहुंच गई थी। टीम में छह सदस्य थे। टीम के सदस्य लगातार किसान अमित के संपर्क में रहे। शुक्रवार सुबह टीम डिलारी पहुंच गई। मैनेजर और उसके सहयोगी को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि सहयोगी मुकेश ही किसानों से डील करता था।
छह प्रतिशत कमीशन भी मांगा
किसान अमित कुमार से मैनेजर और उसके सहयोगी ने दोबारा केसीसी पर लोन करने के लिए 6 प्रतिशत कमीशन की भी मांग की थी। रकम खाते में आने पर कमीशन की रकम देनी थी।
पहले भी केसीसी के नाम पर मांगी गई थी रकम
29 जुलाई 2022 को सीबीआई की टीम ने कांठ क्षेत्र में एक बैंक में छापा मारकर फील्ड ऑफिसर को दबोचा था। आरोपी ने किसान से किसान क्रेडिट कार्ड की फाइल पास करने के नाम पर 12 हजार रुपये की मांग की थी। इसके अलावा मूंढापांडे क्षेत्र में भी बैंक मैनेजर को रिश्वत लेते हुए सीबीआई ने रंगेहाथ दबोच लिया था।