UP: हर घंटा इंतजार.. खबर डराने वाली, ईरानी बेटी फायजा ने बताई जंग की दास्तां, मुरादाबाद निवासी से की है शादी
ईरान में युद्ध के हालात को लेकर मुरादाबाद में रहने वाली ईरानी बेटी फायजा परेशान हैं। परिजनों की चिंता में उनकी नींद और चैन उड़ा हुआ है। माता-पिता की फिक्र में बदहवास फायजा हर वक्त ईरान के हालात का अपडेट ले रही हैं। फायजा ने मुरादाबाद के दिवाकर से शादी की है।
विस्तार
ईरान में चल रहे युद्ध जैसे हालात को लेकर शहर में रहने वाली ईरानी बेटी काफी परेशान हैं। अपने परिजनों की चिंता में उनकी रातों की नींद और दिन का चैन उड़ा हुआ है। माता-पिता की फिक्र में बदहवास ईरानी बेटी फायजा हर वक्त ईरान के हालात का अपडेट ले रही हैं। उनके जुबान पर भी दिन रात बस एक ही दुआ है कि जल्द से जल्द ईरान की स्थिति ठीक हो।
फायजा मूल रूप से ईरान के हमदान शहर की रहने वाली हैं। उन्होंने मुरादाबाद के प्रकाशनगर निवासी दिवाकर से शादी की है और दोनों पति-पत्नी प्रकाशनगर में ही एक छोटा कैफे चला रहे है। लेकिन, इन दिनों उनकी दिनचर्या में सबसे बड़ी चिंता ईरान के हालात और अपने परिजनों की सलामती को लेकर है। फायजा अपने देश के हालात को लेकर बेहद चिंतित हैं।
अमर उजाला से बातचीत करते हुए फायजा भावुक हो उठीं। उन्होंने खुद को संभालते हुए कहा कि वह पूरा दिन ईरान का अपडेट ले रही हैं। जैसे ही कोई खबर आती है, दिल बैठ जाता है। ईरान में व्हाट्सएप जैसी सेवाएं बंद हैं और संपर्क दूसरे माध्यमों से बहुत मुश्किल से हो रहा है। परिजनों को मैसेज करने के घंटों बाद रिप्लाई मिलता है।
हमदान में हमला न होने से राहत
फायजा ने आगे कहा कि, राहत की बात यह है कि उनका परिवार हमदान में पूरी तरह सुरक्षित है। वहां अब तक किसी प्रकार कोई हमला नहीं हुआ है और शहर में शांति बनी हुई है, लेकिन माहौल में तनाव साफ महसूस हो रहा है। हमदान शहर में शांति तो है लेकिन लोगों में घबराहट है। मुझे यहां से माता-पिता और भाई-बहनों की चिंता सता रही है। कुछ भी समझ नहीं आ रहा है, बस दुआ कर रही हैं।
मध्यस्थता के लिए पीएम मोदी से अपील
फायजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की है कि वह ईरान-इस्राइल के बीच चल रहे तनाव में मध्यस्थता की भूमिका निभाएं। कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री पर भरोसा है कि वह दोनों देशों के बीच संवाद स्थापित कर शांति स्थापित करने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रभावशाली नेता हैं और वह यह काम कर सकते हैं।