UP Elections 2022: मुरादाबाद में भाजपा अध्यक्ष नड्डा का सपा पर हमला- जो बिजली नहीं दे सका वो मुफ्त में बिजली कहां से देगा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर लोगों को यह बताने की कोशिश की कि भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य दलों के प्रोजेक्ट अलग होते हैं, वो चुनाव के जनता से किया गया वाद भूल जाते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि यूपी की जनता को भ्रमित करने के लिए सपा, बसपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों की ओर से तरह-तरह के वादे किए जा रहे हैं। कोई मुफ्त में बिजली देने की बात कह रहा है तो कोई बिजली का बिल माफ करने की। जब प्रदेश में इनकी सरकार थी तो बिजली आपूर्ति की क्या स्थिति थी, इससे सभी लोग वाकिफ हैं। जो बिजली नहीं दे सका वो मुफ्त में बिजली कहां से लाएगा, यह तो समझ के परे है। नड्डा शनिवार को मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रितेश गुप्ता के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के पास जाती है कि हमने यह वादा किया था और इतना काम किया है। दूसरे दल जनता से वादा करके भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि सपा और गुंडे एक-दूसरे के पर्याय हैं। सपा का कार्यकर्ता बनने के लिए गुंडा होना पहली शर्त है। यदि प्रदेश में सपा की सरकार आई तो प्रदेश में गुंडाराज कायम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार ने सांप्रदायिक सद्भाव के नाम पर गोरखपुर सीरियल बम धमाके और रामपुर के सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमले के मामले में दर्ज मुकदमे को वापस लेने की कोशिश की थी। हाईकोर्ट के चलते उनकी मंशा सफल न हो सकी और केस चलने के बाद आतंकियों को सजा भी हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव हर चुनाव में कोई नया साथी ढूंढ लाते हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में उनके साथ कोई दूसरे भाई थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में बहन जी थीं और 2022 के विधानसभा चुनाव में नया भाई खोजकर लाए हैं। उन्होंने कहा कि हम तो यह चुनौती देते हैं कि सब मिलकर आ जाओ। जनता सबको मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति-धर्म की राजनीति नहीं करती है, सबको साथ लेकर चलती है। प्रदेश में जब सपा की सरकार थी तो कितने दंगे हुए थे। मुजफ्फरनगर के दंगे को लेकर तो सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि प्रशासन फेल गया और सरकार का रवैया पक्षपात पूर्ण था। नड्डा ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने मुजफ्फरनगर दंगे के मुख्य आरोपी को हवाई जहाज से बुलवा कर मेहमाननवाजी की थी। सपा की सरकार में दहशत में लोगों ने पलायन करना शुरू कर दिया था। कैराना से जितने लोगों से पलायन किया था वो अब वहां आकर फिर से बस गए हैं। भाजपा की सरकार में माफिया या तो यूपी छोड़ गए हैं या फिर जेल के अंदर हैं।
विकास का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर गिनाईं उपलब्धियां
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर लोगों को यह बताने की कोशिश की कि भाजपा जो वादा करती है उसे पूरा भी करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य दलों के प्रोजेक्ट अलग होते हैं, वो चुनाव के जनता से किया गया वाद भूल जाते हैं। उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का मुरादाबाद को कितना लाभ मिला है।
शनिवार को सर्किट हाउस के पास एक मैदान में आयोजित चुनावी सभा में नड्डा ने कहा कि मुरादाबाद पीतल नगरी है। प्रदेश के औद्योगिक पहचान में मुरदाबाद का महत्वपूर्ण स्थान है। यहां की औद्योगिक इकाइयों में लाखों लोगों को रोजगार मिला है। प्रदेश सरकार ने एक जिला एक उत्पाद योजना में पीतल को शामिल किया। उद्योगों की सुविधा के लिए कम्युनिटी सेंटर बन रहा है। दिल्ली-लखनऊ और अलीगढ़-मुरादाबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर बन जाने के बाद यहां की विकास की गति और तेज होगी।
प्रदेश मे सेहत की सुविधा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन आज मेडिकल कॉलेज और ज्यादा बढ़ गए हैं। मुरादाबाद में सरकारी मेडिकल कॉलेज की बात करते हुए कहा कि अभी आचार संहिता लगी है इसको लेकर अभी कुछ नहीं सकता हूं, लेकिन आप लोग मेरा इशारा जरूर समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ सीधे पात्रों तक पहुंचाने के लिए मोदी सरकार ने सभी देशवासियों का बैंक खाता सुनिश्चित किया है। सभी गांवों तक बिजली पहुंचाने के बाद सरकार 24 घंटे आपूर्ति की दिशा में काम कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से स्वच्छ जल पहुंचाने पर काम हो रहा है। आजादी के 70 साल बाद बदलता हुआ भारत नजर आ रहा है।
सभी जाति-धर्म वालों को मिला केंद्र-प्रदेश की योजनाओं का लाभ
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सभी जाति और धर्म के लोगों को मिला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आप लोगों ने 2014 में केंद्र में मोदी की सरकार बनाई, 2017 में प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनाई। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन वाली सरकार ने प्रदेश की दिशा और दशा को बदलकर इसे विकास की राह पर ला दिया है। मोदी-योगी के राज में हर गरीब के घर में बिजली, पानी, शौचालय का निर्माण कराया गया। गरीबों को मुफ्त रसोईं गैस का कनेक्शन दिया। भाजपा के पिछले पांच साल के शासन में प्रदेश ने खुशहाली, तरक्की और प्रगति की ओर कदम बढ़ाया है। नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जहां भी खड़े होते हैं सिर्फ विकास की बात करते हैं। उधर, विपक्ष के लोग जातियों में बांटने की बात करते हैं। अभी से योजना बना रहे हैं कि हमारी सरकार आ गई तो थाने और तहसील किसके हिस्से में आएंगे। अखिलेश यादव भी बार-बार 10 मार्च तक का इंतजार करने की बात कह रहे हैं। उनकी बातों से ऐसा नहीं लगता है कि उनका लोकतंत्र में विश्वास है।