UP: मुरादाबाद के छात्रों के लिए एजुकेशन लोन बना सहारा, तीन साल में दोगुने आवेदन, विदेश में पढ़ाई का बढ़ा क्रेज
मुरादाबाद के छात्र विदेश में पढ़ाई कर बेहतर भविष्य बनाने में सबसे आगे हैं। जिले में करीब 2232 छात्र इसके लिए एजुकेशन लोन का सहारा ले रहे हैं। बैंकों ने अबतक 75 करोड़ रुपये एजुकेशन लोन दिया है। इसमें विदेश में पढ़ने वालों छात्रों की संख्या लगभग 750 है।
विस्तार
मुरादाबाद जिले के बैंकों ने एक साल में दस करोड़ रुपये एजुकेशन लोन दिए हैं। सबसे अधिक लोन विदेश पढ़ने वाले छात्रों को लोन का लाभ मिला है। बैंकों ने अब तक 75 करोड़ रुपये एजुकेशन लोन दिए हैं। इसमें विदेश में पढ़ने वालों छात्रों की संख्या लगभग 750 है, जबकि जिले में करीब 2233 छात्र एजुकेशन लोन का लाभ ले रहे हैं।
जिले में एजुकेशन लोन लेने वाले छात्रों की संख्या तीन साल में दोगुनी हो गई है। साल 2020-21 में 305 छात्रों ने उच्च शिक्षा के लिए एजुकेशन लोन के लिए आवेदन किए थे। इसके बाद उनको लोन दे दिए गए। शहर में कोरोना काल के बाद एक साल में एजुकेशन लोन लेने की संख्या बढ़कर 610 हो गई।
इसमें विदेश में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हुई हैं। शहर के विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए सबसे अधिक रूस, कनाडा जाते हैं। एजुकेशन लोन 7.5 लाख रुपये तक प्राप्त करने के लिए कोई गारंटर नहीं देनी होती है। इसके लिए कुछ गिरवी भी नहीं रखना पड़ता है।
इस वजह से विद्यार्थियों की संख्या लोन की तरफ बढ़ती जा रही है। इसमें बैंक विद्यार्थियों को कोर्स खत्म होने के बाद एक साल तक मौका देती है। इसके बाद किस्तों के रूप में बैंकों को रुपये लौटाने पड़ते हैं। इनमें सभी बैंकों के अलग-अलग ब्याज दर हैं।
एजुकेशन लोन के लिए ऐसे करें आवेदन
एजुकेशन लोन लेने के लिए विद्यार्थी को बैंकों में 12वीं की मार्कशीट, बैंक पासबुक, आय प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करनी पड़ती है। विद्यार्थी कौन से कोर्स और कॉलेज में दाखिला ले रहा है इसका सबूत होना होता है। इसके बाद परिवार के आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेज जमा करने पड़ते हैं। इसके साथ लोन आवेदक पर कोई पिछला लोन नहीं चल रहा हो। वहीं बैंक एजुकेशन लोन तीन महीने के अंदर प्रदान कर देती है।
विदेश के लिए एजुकेशन लोन
विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों को भी बैंक लोन प्रदान करती है। इस लोन के लिए बैंक पहले आवेदक के कोर्स को देखती है। इसके बाद उस कोर्स को करने के बाद कितने प्रतिशत नौकरी लगने के चांस हैं और परिवार की आय क्या है। इसके बाद बैंक आवेदक का एजुकेशन लोन मंजूर करता है।
एससी, एसटी और लड़कियों को लोन में विशेष छूट
शहर में जो विद्यार्थी आर्थिक वजह से नहीं पढ़ाई कर पाते हैं। वह बैंक से एजुकेशन लोन चार लाख रुपये का जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर प्राप्त कर सकते हैं। वहीं बैंक लड़कियों को लोन में एक प्रतिशत की छूट भी दे जाती है।
एजुकेशन लोन में लड़कियों को एक प्रतिशत की छूट दी जाती है। ताकि वो अपना भविष्य सवार सकें, पिछले दो साल में एजुकेशन लोन में इजाफा हुआ है। बैंक भी चाहती है कोई विद्यार्थी पैसे की वजह से पढ़ाई न छोड़ दे। इस लिए हम कोई भी आवेदन रिजेक्ट नहीं करते हैं। -विशाल दीक्षित, अग्रणी जिला प्रबंधक
यह भी जानें
- 2020-21 में 305 आवेदक
- 2022-23 में- 610 आवेदक
- विदेश में पढ़ने वाले की संख्या- 750
- जिले में एजुकेशन लोन का लाभ 2223 विद्यार्थी ले रहे हैं