UP By Polls: 13 नवंबर को होगी कुंदरकी उपचुनाव के लिए वोटिंग, अब तक यहां इस पार्टी का रहा दबदबा
मुरादाबाद जिले की कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा। इसके साथ ही सभी पार्टियों में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन तेज हो गया है। मतदान की घाेषणा होते ही इस सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
विस्तार
मुरादाबाद जिले की कुंदरकी विधानसभा सीट पर मतदान की तारीख चुनाव आयोग ने तय कर दी है। प्रदेश के अन्य सीटों के साथ यहां 13 नवंबर को मतदान होगा। इसके साथ सभी दलों में उपचुनाव के लिए सियासत तेज हो गई है।
टिकट के लिए दावा कर रहे भाजपा नेता पूरा जोर लगाए हैं। पार्टी जल्द ही प्रत्याशी घोषित कर सकती है। वहीं समाजवादी पार्टी में भी टिकट को लेकर मंथन जारी हैं। वहीं कांग्रेस नेता गठबंधन के तहत कुंदरकी सीट पर दावा ठोक रहे हैं।
उन्हें उम्मीद है कि सपा यह सीट कांग्रेस को दे सकती है।भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी कभी भी प्रत्याशी घोषित कर सकती है। शीर्ष स्तर पर औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। कुंदरकी उपचुनाव को लेकर बनाई गई रणनीति के तहत भाजपा ने पिछड़े और दलित नेताओं को आगे कर पूरी ताकत झोंक दी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि पहले 31 लोगों के नाम सामने आए थे। इनमें छांटकर जिले की तरफ से रामवीर सिंह, ठाकुर दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, कमल प्रजापति के नामों का पैनल भेजा गया था।
वैसे प्रदेश के वरिष्ठ नेता पैनल में फेरबदल कर सकते हैं। उम्मीद है कि शीघ्र ही प्रत्याशी घोषित हो सकता है। भाजपा ने कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव की जिम्मेदारी पार्टी कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को सौंपी है।
विधायक के नेतृत्व में कमेटी कर रही काम
कुंदरकी उपचुनाव के लिए नगर विधायक रितेश गुप्ता को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। चुनाव क्षेत्र के शक्ति केंद्रों पर कलीम अख्तर, आनंद पाल और किशन लाल जाटव को प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
सपा की मजबूत सीट
जियाउर्रहमान बर्क के सांसद बनने के कारण कुंदरकी सीट खाली हुई है। पार्टी ने इस सीट की जिम्मेदारी जिलाध्यक्ष के साथ चार विधायकों को सौंपी है। सपा ने उपचुनाव के लिए 10 में से छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, लेकिन कुंदरकी सीट पर अभी मंथन चल रहा है। वैसे सपा में पूर्व विधायक रिजवान सहित दो लोगों के नाम आगे चल रहे हैं। बसपा इस सीट को लेकर सक्रिय नहीं है।
कांग्रेस 16 को करेगी सम्मेलन
कांग्रेस के नेता 16 अक्तूबर को कुंदरकी विधानसभा में सम्मेलन कर रहे हैं। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष सलमान खुर्शीद का कहना है कि उन्होंने पार्टी आलाकमान के माध्यम से कुंदरकी सीट के लिए दावा किया है। उम्मीद है कि सपा इस सीट को कांग्रेस के लिए छोड़ेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.