UP: संभल में चेकिंग देख भाग रहे युवकों की बाइक फिसली, पुलिसकर्मियों ने पकड़ लातों से जमकर पीटा, तीन युवक जख्मी
संभल में पुलिस चेकिंग के दौरान तीन युवक भाग निकले। इससे नाराज पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। बाद में उनकी जमकर पिटाई की गई। इसमें दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
विस्तार
असमोली थाना क्षेत्र के गांव भैंसोड़ा के नजदीक पुलिस चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को भागना भारी पड़ गया। पुलिस ने पीछा किया तो युवक बाइक से गिरकर घायल हो गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पकड़कर पिटाई की।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दो युवकों का पुलिस ने चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। एक युवक भागने में कामयाब रहा।
थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात करीब 9 बजे पुलिस टीम गांव भैंसोड़ा में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुरादाबाद के रतनपुर कला की ओर से बाइक सवार तीन युवक आते दिखाई दिए।
उनको रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। सिपाही व दरोगा ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर जाकर दो युवकों को पकड़ लिया। एक युवक भाग गया।
पकड़े गए युवकों ने अपनी पहचान मुरादाबाद के थाना मझोला अंतर्गत एकता कॉलोनी निवासी बताई है। चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। युवक क्यों आए थे और भाग क्यों रहे थे। इसकी जानकारी की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर वायरल हो रही वीडियो में दो युवकों की दो पुलिसकर्मी जमीन पर गिराकर लातों से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। पकड़े गए दोनों युवक घायलावस्था में पड़े हैं।
वहीं वीडियो में यह भी लोग कह रहे हैं कि युवक चलती बाइक से गिरकर घायल भी हुए हैं। एक निजी कार द्वारा बाइक सवारों के पीछे चलते हुए भी वीडियो वायरल हो रहा है।
इस निजी कार में कौन सवार था यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। गनीमत यह रही कि युवक ज्यादा तेजी से चलती बाइक से नहीं गिरे। वरना हादसा बड़ा हो सकता था।