{"_id":"60bbe2638ebc3e865a238bc6","slug":"two-factions-clashed-over-comments-on-social-media-firing-bombing-in-moradabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुरादाबाद : सोशल मीडिया पर टिप्पणी को लेकर दो गुट भिड़े, ताबड़तोड़ फायरिंग-बमबाजी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुरादाबाद : सोशल मीडिया पर टिप्पणी को लेकर दो गुट भिड़े, ताबड़तोड़ फायरिंग-बमबाजी
Sun, 06 Jun 2021 02:15 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, मुरादाबाद
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 06 Jun 2021 02:15 AM IST
सार
वारदात को अंजाम देकर हमलावर युवक मौके से भाग गए। तीनों घायल दोस्तों को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से एक युवक को गंभीर हालत में कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
गुंडागर्दी...
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया ग्रुप पर चल रही कमेंट वार जमीन पर आमने-सामने की लड़ाई में बदल गई। शनिवार शाम लाइनपार मझोला स्थित मंडी समिति में दो गुट भिड़ गए। एक गुट के युवकों ने बाइक सवार तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और बमबाजी की। वारदात को अंजाम देकर हमलावर युवक मौके से भाग गए।
विज्ञापन
तीनों घायल दोस्तों को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से एक युवक को गंभीर हालत में कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। फायरिंग और बम की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक कोतवाली के कंजरी सराय निवासी सतीश कश्यप ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा देव कश्यप 12वीं का छात्र है। देव शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में उसके दोस्त बीनू और ताड़ीखाना निवासी गोलू भी मिल गए। तीनों दोस्त बाइक से अपने अन्य साथियों के साथ बुद्धि विहार में अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।
विज्ञापन
सभी युवक लाइनपार होते हुए बुद्धि विहार जा रहे थे। मंडी समिति के पास एकता कालोनी निवासी अमन ठाकुर और उसके साथियों का गुट बाइकों से आ गया। मंडी समिति में सड़क पर ही दोनों गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद अमन ठाकुर गुट के युवकों ने फायरिंग और बमबाजी शुरू कर दी।
इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। फायरिंग और धमाकों से लोग सहम गए। हमले में देव कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि गोलू और बीनू भी बम की चपेट में आकर जख्मी हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर देव का दोस्त शलभ गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने देव की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया। जबकि गोलू और बीनू को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
सूचना मिलने पर एएसपी अनिल कुमार यादव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना के बारे में आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। देव के पिता ने अमन ठाकुर और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। घायल बीनू की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अमन ठाकुर, शिवा गुप्ता, हिमांशु कश्यप और आदर्श कुमार और कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
मझोला के लाइनपार में युवकों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें एक युवक की हालत गंभीर है। दो युवक जख्मी हुए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। एक युवक का नाम सामने आया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गंभीर घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- अमित आनंद, एसपी सिटी