जौहर यूनिवर्सिटी में छापेमारी, शेर की प्रतिमा और कुछ किताबें बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मदरसा आलिया (राजकीय ओरिएंटल कॉलेज) से गायब किताबों की तलाश में जौहर यूनिवर्सिटी में पुलिस की छापेमारी बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। पुलिस ने वहां से और किताबें बरामद की हैं। इसके अलावा यूनिवर्सिटी कैंपस में शेरों की दो प्रतिमाएं भी मिली हैं, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि इसे रामपुर क्लब से उठाकर लाया गया था।
सपा की सरकार में रामपुर क्लब को तुड़वा कर निरीक्षण भवन बनवा दिया गया था। शेरों की प्रतिमा गायब होने के संबंध में पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां और भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके अलावा यूनिवर्सिटी की एक बिल्डिंग के ताले तोड़ने के प्रयास किए गए हैं। यह तलाशी अभियान अभी जारी रहेगा।
मदरसा आलिया रामपुर रियासत का पहला कालेज था। विश्व विख्यात इस कॉलेज को 1774 में स्थापित किया गया था। उत्तर प्रदेश की राजनाथ सिंह की सरकार ने इसे अरबी, फारसी विश्वविद्यालय की मान्यता दी थी, जिसके लिए तब एक करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी की गई थी। यहां कई पांडुलिपियां एवं बहुमूल्य किताबें भी मौजूद थीं, लेकिन गुजरते दिनों के साथ विश्वविद्यालय अपना अस्तित्व खोता गया। सपा सरकार में विश्वविद्यालय को जौहर ट्रस्ट को लीज पर दे दिया गया था, जिसके बाद यहां रामपुर पब्लिक स्कूल का संचालन होने लगा।
तब तंजीमे अवाम ए अहले सुन्नत, मदरसा आलिया बचाओ संघर्ष समिति एवं पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने मदरसे को गलत तरीके से बंद करने समेत यहां मौजूद अरबी फारसी पांडुलिपियों के चोरी होने की शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने जांच कराई, जिसके बाद विश्वविद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से किताबें चोरी होने को लेकर अज्ञात के खिलाफ थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद मंगलवार से पुलिस ने यूनिवर्सिटी में छापेमारी शुरू की, जहां पहले दिन ही करीब दो हजार किताबें बरामद की गईं। ये किताबें जौहर यूनिवर्सिटी की मुमताज सेंट्रल लाइब्रेरी में मौजूद थीं। मंगलवार को भी पुलिस की यह छापेमारी जारी रही, जिसके बाद पुलिस को यहां कुछ और किताबें भी मिलीं हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश बहादुर गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रेम प्रकाश तिवारी भी मौजूद रहे।
अब तक बरामद किताबों की तादाद करीब तीन हजार पहुंच चुकी है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी से दो शेरों की प्रतिमाएं भी बरामद की गईं हैं। ये प्रतिमाएं रामपुर क्लब की बताई जा रही हैं। सपा सरकार में इसे तोड़कर ट्रांजिट हॉस्टल बनाया गया था। पूर्व मंत्री नवेद मियां ने शिकायत भी की थी कि यहां लगी शेरों की दो प्रतिमाएं जौहर यूनिवर्सिटी ले जाई गईं हैं।
दिनभर छापेमारी का सिलसिला जारी रहा। कई इमारतों के ताले भी खुलवाए, जबकि कुछ इमारतों के ताले कटवाने के लिए कटर मंगाए गए हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि गुरुवार को भी तलाशी जारी रह सकती है। इस बीच यूनिवर्सिटी के बाहर और भीतर बड़ी तादाद में पुलिस और पीएसी मौजूद रही।
मदरसा आलिया से किताबें चोरी के आरोप में महिला समेत पांच गिरफ्तार
मदरसा आलिया (राजकीय ओरिएंटल कॉलेज) की चोरी किताबें पुलिस ने जौहर यूनिवर्सिटी से बरामद कर ली हैं। करीब तीन हजार किताबों के साथ पुलिस ने एक महिला समेत पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया है। महिला कर्मी को पुलिस ने थाने से ही जमानत दे दी है।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि मदरसा आलिया से बहुमूल्य किताबें गायब हैं। तंजीम अवामे अहले सुन्नत के सदर मोहब्बे अली नईमी ने जिलाधिकारी से इस मामले में एफआईआर कराने की मांग की थी। उनका कहना था कि मदरसे में बहुमूल्य किताबों का खजाना था। मिस्र स्थित दुनिया की सबसे बड़ी इस्लामिक यूनिवर्सिटी से लेकर मलेशिया, इंडोनेशिया आदि तमाम देशों से नवाब रामपुर द्वारा मंगाई गई किताबें थीं। एक भी किताबें भी मदरसा में नहीं है। इस पर तत्कालीन जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए थे, जिसके बाद जांच कराई गई।
जांच में सामने आया कि किताबें वास्तव में किसी ने गायब करा दी हैं, जिसके बाद जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मदरसे के प्रधानाचार्य जुबैद खां ने अज्ञात के खिलाफ किताबें चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार को पुलिस ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय में छापेमारी की थी, इसके बाद पुलिस ने करीब तीन हजार किताबें बरामद की थीं।
जांच के दौरान एक महिला समेत पांच लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने वसी-उर-रहमान, नासिर अली, फईम मियां , फिजा उल्ला एवं एक महिला कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ आईपीसी धारा 411 और 379 के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। गंज कोतवाल नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि विवेचना में फिलहाल पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। इन्हें गिरफ्तार कर गया है। महिला कर्मी को थाने से ही जमानत दे दी गई है।