UP: जेल से जमानत पर छूटकर आया प्रेमी... फिर किशोरी ने पकड़ ली ऐसी जिद, परिजन घसीटते हुए ले गए घर
कुछ लोगों ने घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बुधवार को इसकी भनक लगते ही मूंढापांडे थाने की पुलिस गांव पहुंच गई और किशोरी व उसके परिवार से पूछताछ की।
विस्तार
मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र में जेल से जमानत पर छूट कर आए प्रेमी के घर रहने की जिद पर अड़ी किशोरी को परिजन सड़क पर घसीटते हुए ले गए। इस दौरान उसके कपड़े तक फट गए। किशोरी की पिटाई भी की। इस दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और किशोरी से पूछताछ की लेकिन उसने अपने परिजनों पर कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। किशोरी ने अपने परिवार के साथ भी रहने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जहां से उसे नारी निकेतन भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो दो दिन पुराना है। छह माह पहले मूंढापांडे के गांव निवासी किशोरी को उसके ही गांव में रहने वाला दूसरी बिरादरी का युवक बहला फुसलाकर अगवा कर ले गया था। इस मामले में किशोरी के पिता की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। पुलिस ने किशोरी को बरामद करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया था जबकि युवक को जेल भेज दिया गया था।
एक सप्ताह पहले ही वह जमानत पर जेल से छूट गया और अपने घर आ गया। इसकी जानकारी मिलने पर सोमवार को किशोरी युवक के घर पहुंच गई और साथ रहने की जिद करने लगी। युवक के परिवार से किशोरी को अपने घर में रखने से इन्कार कर दिया। इसके बाद किशोरी हंगामा करने लगी।
युवक के घर और आसपास के मकानों की छतों पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी जानकारी मिलने पर किशोरी के परिजन भी आ गए। उन्होंने किशोरी को घर चलने को कहा लेकिन किशोरी वापस नहीं जा रही थी। किशोरी वहीं जमीन पर बैठ गई। इसके बाद परिजन उसे पीटने लगे और घसीटते हुए ले गए। इस दौरान उसके कपड़े भी फट गए।
इस दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बुधवार को इसकी भनक लगते ही मूंढापांडे थाने की पुलिस गांव पहुंच गई और किशोरी व उसके परिवार से पूछताछ की। पुलिस ने प्रेमी के घर रखवाने से इनकार कर दिया, तब किशोरी ने अपने परिवार के साथ भी रहने से मना कर दिया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि किशोरी को बाल कल्याण समिति के सामने पेश कराने के बाद नारी निकेतन भेज दिया गया है।