मुरादाबाद। बहुचर्चित छजलैट बवाल प्रकरण में सात जुलाई को आरोपी अदालत में उपस्थित होंगे। अदालत ने इस संबंध में उनके वकीलों को सूचित किया है। रामपुर के सपा सांसद आजम खां समेत अन्य सपा नेताओं के खिलाफ चल रहे मुकदमे में विवेचक ओमपाल ने अदालत में 6 अप्रैल को अदालत में बयान दर्ज कराया था। शेष गवाही के लिए अदालत ने 16 अप्रैल की तारीख तय की थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण मुकदमे में सुनवाई नही हो पाई थी।
शुक्रवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में छजलैट प्रकरण की सुनवाई कोरोना काल के बाद फिर से शुरू हुई, लेकिन कोई भी आरोपी हाजिर नही हुआ। मुकदमे में बचाव पक्ष के अधिवक्ता शहनवाज सिब्तेन ने जिरह पूरी की थी। अदालत ने शेष सबूत के लिए आगामी 16 अप्रैल की तारीख नियत की थी लेकिन कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण सुनवाई अधर में लटक गई थी। अदालतों में सामान्य तिथियां लगा दी गई थीं। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता मनीष भटनागर एवं मोहन लाल विश्नोई ने बताया कि शुक्रवार को दोबारा इस मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई, लेकिन कोई भी आरोपी अदालत में पेश नहीं हुआ। उधर सपा सांसद आजम खां की तबीयत खराब होने के कारण वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भी वह पेश नही हो सके। अदालत ने आरोपियों के वकीलों को आगामी तिथि पर सभी आरोपियों को अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं। सुनवाई के लिए सात जुलाई की तिथि तय की गई है।