Moradabad: रेलवे स्टेशन के रनिंग रूम में कर्मी ने निगला जहर, साथियों ने आनन-फानन पहुंचाया अस्पताल, तोड़ा दम
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के रनिंग रूम में तैनात कर्मचारी पंकज ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर साथी कर्मचारी उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
मुरादाबाद के रेलवे स्टेशन पर लोको पायलट व गार्डों के लिए बने रनिंग रूम में तैनात कर्मचारी पंकज (30) ने शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे जहरीला पदार्थ खा लिया। रनिंग रूम में काम करने वाले उसके साथी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
पंकज मूल रूप से संभल का रहने वाला था और मुरादाबाद में खुशहालपुर में रहता था। रेलवे के रनिंग रूम की व्यवस्था में निजी कंपनी के कर्मचारी ठेकेदार के अधीन काम करते हैं। अन्य कर्मचारियों ने बताया कि पंकज की ड्यूटी दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक की है। शुक्रवार को वह कुछ पहले आ गया।
अपना बैग रखने के बाद वह कमरा नंबर नौ में गया। कर्मचारियों ने आशंका जताई कि वहीं उसने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। पंकज कमरे से बाहर निकला तो उसकी हालत बिगड़ गई। साथियों ने उसे सुरिक्षत स्थान पर बैठाया, पानी पिलाने की कोशिश की, लेकिन पंकज की हालत बिगड़ती गई।
उसके मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर साथी कर्मचारी घबरा गए और उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बात ही उसने दम तोड़ दिया। साथी कर्मचारियों ने पंकज के परिवार को सूचना दी। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता का कहना है कि परिजनों से शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा गया है। जांच से ही माैत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
ट्रेन की चपेट में आकर महिला की मौत
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के चमरौआ में रेलवे क्राॅसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई। वह अपनी समधन के दफन में शामिल होने जा रही थी। मूंढापांडे के खानपुर लक्खी निवासी हसीना (40) पत्नी नन्हें परिवार की अन्य महिलाओं के साथ शुक्रवार दोपहर रामपुर के ढक्का जा रही थी।
ढक्का में उसकी समधन की मौत हो गई थी। बंद चमरौआ क्राॅसिंग पार करते समय हसीना ट्रेन की चपेट में आ गई। जिसमें उसकी मौत हो गई। एसएचओ राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।