Moradabad: प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपी पकड़ से बाहर, सरेआम गोली मार और फरसे से वार कर ली थी जान
प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान हत्याकांड में मुख्य आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। इससे परिजनों में आक्रोश है। हत्यारोपियों की तलाश में पुलिस कई जगहों पर दबिश दे रही है।
विस्तार
कमालपुर चंदौरा गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान हत्याकांड में तीसरे दिन भी नामजद आरोपी और उनके साथी गिरफ्तार नहीं हो पाए हैं। सोमवार देर शाम जब रंजीत चौहान गांव में ही परिषदीय स्कूल के निकट टहल रहे थे तभी हमलावरों ने उनका पीछा कर मुनेशपाल के घर में घुसकर रंजीत चौहान की गोली मारकर और फरसे से वार कर हत्या कर दी थी।
इस घटना में मृतक के बड़े भाई पिंकू चौहान ने गांव निवासी अजय और उसके पिता योगेंद्र तथा अजय के दो रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थीं। सीओ बिलारी ने नामजद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना बिलारी की पांच टीमें गठित कर दी हैं।
बिलारी पुलिस द्वारा आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है लेकिन घटना के तीसरे दिन भी कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हो पाया। उधर मृतक रंजीत चौहान का शव मंगलवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद जब घर पहुंचा था तब परिजनों ने पुलिस से यह मांग उठाई थी कि रंजीत का मोबाइल शीघ्र बरामद किया जाए। पुलिस ने जैसे-तैसे परिजनों को समझाकर और आश्वासन देकर शांत किया था।
प्रेमिका के भाई और पिता ने की थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
बिलारी थाना क्षेत्र के कमालपुर चंदौरा गांव में सोमवार रात करीब आठ बजे प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान की हत्या उसकी प्रेमिका के भाई और पिता ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने मृतक के भाई पिंकू चौहान की तहरीर पर गांव निवासी अजय चौहान, उसके पिता योगेंद्र और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिंकू चौहान का कहना है कि अजय की बहन से उसके भाई के प्रेम संबंध थे, इसी रंजिश में हत्या की गई। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। प्राथमिकी के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे रंजीत चौहान गांव के बाहर स्कूल के पास टहलने गए थे।
तभी अजय अपने पिता योगेंद्र, मौसेरे भाई और एक अन्य रिश्तेदार के साथ वहां पहुंच गया और रंजीत को घेर लिया। जान बचाने के लिए रंजीत मुनेश पाल के घर में घुस गए, जहां आरोप है कि अजय ने उन्हें गोली मार दी, योगेंद्र ने सिर पर फरसे से वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने चाकू से हमला किया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पिंकू का दावा है कि वह स्कूटी से बाजार से लौट रहा था, तभी उसने चारों आरोपियों को मौके से भागते देखा। वह घायल रंजीत को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिंकू के अनुसार, रंजीत और अजय की बहन के बीच प्रेम संबंध थे, जिससे अजय और उसके पिता नाराज थे और रंजिश रखते थे। इसी के चलते उन्होंने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें दबिश दे रही हैं।
प्रॉपर्टी डीलर मारी थीं दो गोलियां, फरसे से फट गया भेजा
प्रॉपर्टी डीलर रंजीत चौहान पर हत्या करने के इरादे से ही हमला किया गया था। मंगलवार की शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसके संकेत मिले हैं। प्राॅपर्टी डीलर रजीत चौहान को पेट और सीने के बीच में दो गोलियां मारी गई थीं।
315 बोर की दोनों गोलियां अंदर ही फंसी मिल गई हैं। इसके अलावा सिर पर फरसे से पांच से छह वार किए गए थे। जिससे सिर की हड्डियां टूट गई थीं और भेजा फट गया था। पोस्टमार्टम के दौरान डिजिटल फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।